टीम इंडिया से बाहर चल रहे सरफराज खान का छलका दर्द, स्टोरी पोस्ट कर बयां किए हालात

भारतीय क्रिकेट टीम इस समय श्रीलंका के दौरे पर है। इस दौरे पर उसे दो मैचों की टेस्ट सीरीज खेलनी है। आज से टीम इंडिया ने अभ्यास मैच खेलना शुरू किया है। इस बीच टेस्ट टीम से बाहर किए गए एक खिलाड़ी ने सोशल मीडिया पर अपना दर्द बयां किया है। ये खिलाड़ी हैं सरफराज खान

सरफराज खान को आखिरी बार टीम इंडिया में जगह इंग्लैंड दौरे पर मिली थी, लेकिन उन्हें प्लेइंग-11 में शामिल नहीं किया गया था। तब से सरफराज टीम से बाहर हैं और अच्छा प्रदर्शन करने के बाद भी टीम में आने की राह देख रहे हैं।

सरफराज ने बयां किया दर्द

टीम इंडिया और श्रीलंका क्रिकेट इलेवन के बीच आज से तीन दिवसीय अभ्यास मैच शुरू हुआ है। इस मैच के बीच सरफराज की इंस्टाग्राम स्टोरी सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है। इस स्टोरी में सरफराज ने एक फोटो पोस्ट किया है जिस पर लिखा है, “हो सकता है कि मेरी जगह न बन रही हो, लेकिन मेरे पास जो भी है मैं उसके साथ लड़ाई लडूंगा।”

इसके अलावा सरफराज ने इसी पोस्ट में नया अध्याय शुरू करने के संकेत भी दिए हैं। उन्होंने लिखा है, “न्यू चैप्टर, जर्सी 2”

इससे ये भी कयास लगाए जा रहे हैं कि संभवत: सरफराज नई टीम के साथ घरेलू सीजन में नजर आएं।

ऐसा रहा है करियर

सरफराज ने साल 2024 में इंग्लैंड के खिलाफ भारत में खेली गई टेस्ट सीरीज में अपना डेब्यू किया था। वह भारत के लिए छह टेस्ट मैच खेल चुके हैं जिनमें 37 की औसत से 371 रन बनाए हैं। उनके बल्ले से तीन अर्धशतक और एक शतक निकला है। ये शतक उन्होंने बेंगलुरू में न्यूजीलैंड के खिलाफ जमाया था।

Back to top button