शेयर मार्केट 1456 पॉइंट के नुक्सान के साथ 52846 पर बंद

दिल्ली: भारतीय शेयर बाजार आज भारी गिरावट के साथ बंद हुआ। सेंसेक्स 1456.74 पॉइंट या 2.68% की गिरावट के साथ 52,846.70 पर और निफ्टी 427.40 पॉइंट या 2.64% की गिरावट के साथ 15,774.40 पर बंद हुआ। सबसे ज्यादा गिरावट मेटल और IT स्टॉक्स में रही। ये 3-4% की गिरावट के साथ बंद हुए।

सेंसेक्स 1,119 पॉइंट की गिरावट के साथ 53,184 पर और निफ्टी 324 पॉइंट की गिरावट के साथ 15,877.55 पर खुला था। दिनभर के कारोबार में सेंसेक्स ने 53,207.54 का हाई और 52,527.08 का लो पॉइंट बनाया।

भारतीय रुपया शुक्रवार को 77.84 रुपए प्रति डॉलर के बंद के मुकाबले 19 पैसे नीचे गिरकर 78.03 रुपए प्रति डॉलर पर बंद हुआ। दिनभर के कारोबार में इसने 78.28 रुपए प्रति डॉलर का नया रिकॉर्ड बनाया। निफ्टी के सभी 11 सेक्टोरल इंडेक्स में गिरावट रही। सबसे ज्यादा 4.12% की गिरावट IT इंडेक्स में रही। इसके बाद 3% से ज्यादा की गिरावट वाले इंडेक्स में बैंक, फाइनेंशियल सर्विस, मीडिया, मेटल, PSU बैंक, प्राइवेट बैंक और रियल्टी रहे। इसके बाद ऑटो इंडेक्स में 2% की गिरावट रही। वहीं फार्मा में 1.83% और FMCG में 0.94% की गिरावट रही।

इस गिरावट के पीछे कारण ये हैं कि शुक्रवार को अमेरिकी बाजार बुरी तरह से टूटे थे। डाओ जोंस 880 अंक लुढ़ककर 31,392 पर बंद हुआ है। S&P 500 भी 3% और नैस्डेक में 3.5% की गिरावट देखने को मिली। इसके अलावा यूरोप के बाजार 2-3% लुढ़के। बात करें एशियन मार्केट की जापान, हॉन्गकन्ग, चीन और ताइवान के मार्केट भी गिरावट के साथ बंद हुए।

अमेरिकी बाजार के टूटने के पीछे की बड़ी वजह महंगाई दर है। यहां महंगाई 40 साल की ऊंचाई पर पहुंच गई है। 1981 के बाद यूएस में महंगाई दर मई में 8.6% पर पहुंची है। इससे फेडरल रिजर्व पर ब्याज दरें बढ़ाने का दबाव है, जिसका असर पूरी दुनिया पर पड़ेगा। इसके अलावा क्रूड ऑयल के दाम लगातार बढ़ रहे हैं। ये अभी करीब 120 डॉलर प्रति बैरल के आसपास कारोबार कर रहा है।

रेलिगेयर ब्रोकिंग के वीपी – रिसर्चर अजीत मिश्रा ने कहा कि इस हफ्ते में बाजार में ज्यादा अस्थिरता रहेगी। अमेरिकी महंगाई दर के साथ साथ बाजार शुक्रवार को जारी किए फ्रैक्टरी आउटपुट के डेटा पर रिएक्ट करेगा। इसके अलावा आज रिटेल महंगाई के आकंड़े आएंगे। वहीं यूएस फेड की बैठक का आउटकम 15 जून को आएगा। इन सभी चीजों को लेकर बाजार में अनिश्चितता का माहौल है।

Back to top button

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker