एशिया कप हॉकी में करो या मरो मैच खेलेगी टीम इंडिया

दिल्ली: पूर्व भारतीय कप्तान सरदार सिंह के मार्गदर्शन में एशिया कप हॉकी में अपना खिताब बचाने उतरी भारतीय टीम बुधवार को करो या मरो का मुकाबला खेलेगी। उसका सामना मेजबान इंडोनेशिया से होगा। यदि भारतीय टीम को नॉकआउट में प्रवेश करना है तो उसे बड़ी जीत हासिल करनी होगी। इतना ही नहीं, उसे पूल-ए में जापान-पाकिस्तान मुकाबले में जापान की जीत की दुआ करनी होगी। टूर्नामेंट के शुरुआती मुकाबलों में टीम इंडिया ने उम्मीदों के अनुरूप प्रदर्शन नहीं किया है। उसने पहले मुकाबले में पाकिस्तान से 1-1 से ड्रॉ मैच खेला था। दूसरे में उसे जापान ने 5-2 से हराया था। ऐसे में भारत का काम सिर्फ जीत से नहीं चलेगा। उसे जापान-पाक मैच के रिजल्ट का इंतजार भी करना होगा। भारत पूल-ए में जापान (छह अंक) और पाकिस्तान (चार अंक) के बाद तीसरे स्थान पर है। भारत का गोल औसत माइनस तीन है, जबकि पाकिस्तान का प्लस 13 है। पाकिस्तान अगर जापान से हार जाता है और भारत गोल औसत के अंतर को खत्म करके इंडोनेशिया को हराता है तो ही सुपर चार में उसे जगह मिलेगी।

टीम में अनुभव की कमी नजर आई। निर्णायक क्षणों में भारतीय डिफेंस चरमरा गया। मौजूदा टीम के सीनियर एसवी सुनील और बीरेंद्र लाकड़ा कुछ खास नहीं कर सके। पवन राजभर ने प्रभावित किया। पेनाल्टी पर ड्रैग फ्लिकर रुपिंदर पाल सिंह की कमी खली। वे टूर्नामेंट से ठीक पहले चोटिल हो गए थे।

Back to top button