पंजाब में सरकारी नौकरी के लिए पंजाबी हुई अनिवार्य

दिल्ली: पंजाब में सरकारी नौकरी के लिए पंजाबी अनिवार्य कर दी गई है। CM भगवंत मान ने इसकी घोषणा की। उन्होंने कहा कि सरकारी नौकरियों के लिए पंजाबी टेस्ट अनिवार्य कर दिया गया है। इसके टेस्ट में कम से कम 50% अंक जरूरी होंगे। मान ने कहा कि मां बोली पंजाबी पूरी दुनिया में हमारी पहचान है। पंजाबी को हर पक्ष से प्रफुल्लित करना हमारी सरकार का मुख्य मकसद है। पंजाब सरकार का यह आदेश ग्रुप सी और डी की सरकारी भर्ती में लागू होगा। ग्रुप सी में क्लेरिकल स्टाफ आएगा। वहीं डी में चपरासी, सफाई कर्मचारी जैसे क्लास फोर कर्मचारी आएंगे। पंजाब सरकार के इस आदेश से इन पदों पर पंजाबी मूल या फिर स्कूलों में पंजाबी पढ़ने वालों को नौकरी के ज्यादा मौके मिलेंगे।

पंजाब की मान सरकार 26,754 पदों पर सरकारी भर्ती कर रही है। इस लिहाज से यह बड़ा फैसला है। इनमें से कई पदों की भर्तियां निकाली जा चुकी हैं। वहीं कई के विज्ञापन आने बाकी हैं। पंजाबियों के बजाय बाहरी लोगों को ही यह नौकरियां न मिलें, इसके लिए मान सरकार ने यह कदम उठाया है। इन पदों पर सबसे ज्यादा गिनती ग्रुप सी और डी कैटेगरी की ही है।

Back to top button