ताइवान को लेकर अमेरिका ने चीन को दी चेतावनी

दिल्ली: यूक्रेन जंग के बीच ताइवान को डराने में जुटे चीन को अमेरिकी राष्‍ट्रपति जो बाइडेन ने पहली बार खुली चेतावनी दी है। क्‍वाड बैठक में हिस्‍सा लेने जापान पहुंचे बाइडेन ने एक बैठक में कहा कि अगर चीन की ओर से ताइवान पर हमला किया जाता है तो अमेरिका मिलिट्री एक्शन लेगा। उन्होंने कहा कि ताइवान की सीमा पर घुसपैठ करके चीन खतरा मोल ले रहा है। बाइडेन ने कहा क‍ि यूक्रेन पर रूसी हमले के बाद ताइवान की रक्षा की जिम्‍मेदारी और ज्‍यादा बढ़ गई है। अगर चीन हमला करता है तो अमेरिका सैन्य मदद के जरिए ताइवान की रक्षा करेगा। दरअसल, ताइवान रिलेशन एक्‍ट के मुताबिक अमेरिका ताइवान की रक्षा करने के लिए बाध्‍य है। यही वजह है कि अमेरिका ताइवान को हथियारों की आपूर्ति करता है।

बैठक में बाइडेन से सवाल किया गया कि अगर चीन ताइवान पर कब्‍जे के लिए ताकत का इस्‍तेमाल करता है तो क्या अमेरिका सैन्य हस्तक्षेप करेगा? इसके जवाब में जो बाइडेन ने कहा- हमने यही वादा किया था। हम वन चाइना पॉलिसी पर राजी हुए, हमने उस पर साइन किया, लेकिन यह सोचना गलत है कि ताइवान को बल के प्रयोग से छीना जा सकता है। जो बाइडेन ने कहा कि ताइवान के खिलाफ बल प्रयोग करने का चीन का कदम न केवल अनुचित होगा, बल्कि यह पूरे क्षेत्र को अस्थिर कर देगा।

Back to top button