कैंसर और पार्किंसन डिजीज से जूझ रहे हैं रूस के राष्ट्रपति पुतिन
दिल्ली: यूक्रेन और रूस की जंग के बीच खबर आ रही है कि रूसी राष्ट्रपति व्लादिमिर पुतिन जल्द ही कैंसर सर्जरी के लिए जा सकते हैं। डेली मेल के मुताबिक पुतिन को पेट का कैंसर है, इसके इलाज की सभी तैयारियां हो चुकी है। पुतिन किसी भी समय युद्ध की कमान सिक्योरिटी काउंसिल और फेडरल सिक्योरिटी सर्विस के एक्स-चीफ निकोलाई पेत्रुशेव को युद्ध की कमांड सौंप सकते हैं।
रूसी मीडिया ने क्रेमलिन अधिकारी के हवाले यह जानकारी दी है कि पुतिन को 18 महीने पहले पेट का कैंसर और पार्किंसन बीमारी हुई थी। ओन्कोलॉजी टेस्ट से इन बीमारियों की पहचान की गई। हालांकि क्रेमलिन अधिकारी लगातार पुतिन के सेहतमंद होने का दावा करते आए हैं।
रूसी मीडिया ने अपने दावे में कहा है- क्रेमलिन के बड़े डिफेंस अधिकारी ने बताया कि पुतिन गंभीर मेडिकल कंडीशंस से गुजर रहे हैं। साथ ही डॉक्टरों का कहना है कि उन्हें ऑपरेशन की जरूरत है। लेकिन इसकी तारीख अभी तय नहीं है। डेली मेल की खबर के मुताबिक डॉक्टर जो दवाइयां पुतिन को दे रहे थे, उससे पुतिन को चक्कर और कमजोरी जैसी परेशानियां होने लगी थी। पुतिन को ये दवाएं देने वाले डॉक्टर को पुतिन के इलाज से हटा दिया गया है। इसके अलावा रूसी पत्रकार की रिपोर्ट की मानें तो पुतिन को थारॉइड कैंसर भी हो सकता है, जिसका लगातार इलाज चल रहा है।