उत्तराखंड: इन 13 महिलाओं को मिलेगा इस बार तीलू रौतेली पुरस्कार, सूची जारी

प्रदेश की महिलाओं को विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य के लिए राज्य स्तरीय तीलू रौतेली पुरस्कार दिया जाता है। इस बार भी 13 महिलाओं को यह सम्मान दिया जाएगा।

प्रदेश के प्रतिष्ठित तीलू रौतेली पुरस्कार के लिए 13 महिलाओं का चयन किया गया है। पुरस्कार वितरण आठ अगस्त को संस्कृति विभाग के हरिद्वार बाईपास मार्ग स्थित सभागार में किया जाएगा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी चयनित महिलाओं को पुरस्कृत करेंगे। इसके अलावा 35 महिलाओं को राज्य स्तरीय आंगनबाड़ी कार्यकर्ता पुरस्कार दिया जाएगा।

राज्य सरकार उत्तराखंड की वीरांगना तीलू रौतेली की जयंती पर खेल, समाजसेवा, साहित्य और अन्य क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए महिलाओं और किशोरियों को तीलू रौतेली पुरस्कार से पुरस्कृत करती है। तीलू रौतेली की जयंती पर महिला सशक्तीकरण के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य पर महिलाओं एवं किशोरियों के लिए वर्ष 2006 से इस पुरस्कार की शुरुआत की गई थी। विभाग के अधिकारियों के मुताबिक तीलू रौतेली पुरस्कार के लिए विभाग को विभिन्न जिलों से इस बार 217 आवेदन मिले थे।

इसमें अल्मोड़ा से 21, बागेश्वर से आठ, चमोली और चंपावत से 12-12, देहरादून से 23, हरिद्वार से 22, नैनीताल से 29, पौड़ी से आठ, पिथौरागढ़ से 13, रुद्रप्रयाग से 11, टिहरी से 13, ऊधमसिंह नगर से 11 और उत्तरकाशी जिले से विभाग को 24 आवेदन थे। इसमें से 13 महिलाओं का चयन किया गया है। जबकि राज्यस्तरीय आंगनबाड़ी कार्यकर्ता पुरस्कार के लिए विभाग को प्रदेश भर से 220 आवेदन मिले। पुरस्कार के लिए इसमें से 35 महिलाओं का चयन किया गया है।

इन्हें मिलेगा तीलू रौतेली पुरस्कार
उत्तरकाशी की श्वेता बधानी (स्वतंत्री) को सामाजिक क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य के लिए
अल्मोड़ा की पुष्पा फर्त्याल को संस्कृति एवं कला के क्षेत्र में
बागेश्वर की दया दानू को समाज सेवा
चमोली की नंदा सती को संगीत
चंपावत की रितिका बगोली को पर्यावरण संरक्षण एवं शिक्षा
देहरादून की नीतू रानी को शिक्षा एवं बहादुर
हरिद्वार की वैशाली शर्मा को समाज सेवा
नैनीताल की लतिका को खेल क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धि
पौड़ी गढ़वाल की प्रियंका पत थपलियाल को खेल समाज सेवा एवं महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में
पिथौरागढ़ की कलावती देवी को सामाजिक कार्य
रुद्रप्रयाग की दुर्गा देवी को समाज सेवा
टिहरी गढ़वाल की सरिता कोठियाल को सामाजिक क्षेत्र
उधम सिंह नगर की पुष्पा देवी को दिव्यांग खेल

Back to top button