लॉकडाउन के कारण शंघाई बंदरगाह पर फंसे हजारों जहाज

दिल्ली: चीन की आर्थिक राजधानी शंघाई में कोरोना ने एक बार फिर पैर पसार लिए हैं। ऐसे में पूरी दुनिया में संक्रमण का खतरा बढ़ गया है। जिसे देखते हुए शंघाई में पिछले एक महीने से लॉकडाउन लगा हुआ है। जहां सड़कों से ट्रैफिक नदारद है, वहीं दूसरी तरफ पूर्वी चीन सागर में ट्रैफिक जाम लगा हुआ है। लॉकडाउन के चलते पूरे शंघाई में आर्थिक गतिविधियां पूरी तरह से बंद हो गई हैं। इसका सबसे बुरा असर शंघाई बंदरगाह पर देखने को मिल रहा है। यहां बड़ी संख्या में मालवाहक जहाज खड़े होने के कारण ट्रैफिक जाम लग गया है। बंदरगाह से कई किलोमीटर दूर समुद्र में भी जहाज खड़े नजर आ रहे हैं। माल उतारने और चढ़ाने की इजाजत न होने के कारण जहाज के क्रू भी समुद्र में फंसे हुए हैं। कई जहाजों पर तो खाने-पीने और दैनिक जरूरतों की चीजों की भी कमी होने लगी है।

सोशल मीडिया पर शेयर की जा रही तस्वीरों में शंघाई बंदरगाह पर जहाजों की उपस्थिति को दिखाया जा रहा है। यह तस्वीर मरीन ट्रैफिक वेबसाइट ने ली है। यह वेबसाइट समुद्र में जहाजों की लाइव लोकेशन को ट्रैक करती है। लॉकडाउन के नियमों में ढील नहीं मिलने के चलते पूरा बंदरगाह मालवाहक जहाजों की बढ़ती संख्या से भर गया है। अभी तक यह स्पष्ट नहीं है कि इन जहाजों को बंदरगाह पर आने या बंदरगाह पर खड़े जहाजों को बाहर जाने की इजाजत कब दी जाएगी।

Back to top button

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker