पत्‍नी ने 2 लाख की सुपारी देकर प्रेमी से कराई पति की हत्‍या

उत्‍तर प्रदेश के बस्‍ती के लालगंज थानांतर्गत परेवा निवासी सहदेव की हत्या की साजिश उसकी पत्नी ने ही रची थी। इसके लिए अपने प्रेमी को दो लाख रुपये की सुपारी दी थी। हत्याकांड का पर्दाफाश करते हुए लालगंज पुलिस ने आरोपी पत्नी व बेटे को गिरफ्तार कर लिया है। सहदेव का गांव की एक महिला से संबंध होने के चलते पत्नी ने प्रेमी के साथ मिलकर उसे रास्ते से हटाने की साजिश रची। परेवा गांव के सिवान में स्थित गन्ने के खेत में 11 दिसंबर को सहदेव (40) का शव बरामद हुआ था।

पुलिस ने उसी दिन बड़े भाई की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर लिया था। हत्याकांड के खुलासे की जिम्मेदारी थानाध्यक्ष उमाशंकर त्रिपाठी को सौंपी थी। पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपी पत्नी किरन ने जुर्म स्वीकार करते हुए बताया कि उसके पति सहदेव का संबंध गांव की ही एक महिला से था। कमाई का सारा पैसा सहदेव उसी को दे देते थे। इतना ही नहीं खेत भी उसी को जोतने-बोने के लिए दे दिया था। पुणे में प्राइवेट नौकरी करने वाले उसके पति सहदेव जब नवंबर में कमाकर गांव आए तो सारा पैसा उसी महिला को दे दिया। पूछने पर अपशब्द बोला और कहा कि सारी जायदाद भी उसी को लिख दूंगा। 

उसने पुलिस को बताया कि वह आशा बहू का काम करती है और किसी तरह बच्चों को पालती थी। महिला का भी प्रेम सम्बन्ध पड़ोसी गांव जमालपुर के सूरज से हो गया था। जब उसने देखा कि अब अपनी पूरी जायदाद पति उसी महिला को लिख देंगे तो उसने प्रेमी सूरज से बातकर पति सहदेव को रास्ते से हटाने को कहा। इसके बदले दो लाख रुपये भी देने को कहा। इसके बाद सूरज अपने साथी विकास को साथ लेकर 6 दिसंबर की रात में घर आया। 

सहदेव शराब पीकर बरामदे में चारपाई पर सो गया था। रात करीब 11 बजे मैंने व मेरे बेटे ने उसके दोनों पैर और विकास ने दोनों हाथ पकड़ लिए। इसके बाद सूरज ने गला दबा दिया। छटपटाता देख सूरज ने डंडा उठाकर उनके सिर पर कई वार भी किए और सहदेव मर गया। इसके बाद हम चारों ने लाश को ले जाकर घर से थोड़ी दूरी पर गन्ने के खेत में छिपा दिया था। पुलिस ने आम के पेड़ के पास छिपाया गया हत्या में प्रयुक्त डंडा और जूता भी बरामद कर लिया है। एसपी आशीष श्रीवास्तव ने बताया कि पति के अवैध संबंध को लेकर पत्नी ने ही हत्या की साजिश रची थी। सुपारी लेने वाले प्रेमी सूरज निवासी जमालपुर थाना लालगंज व उसका साथी विकास निवासी कुदरहा थाना लालगंज फरार है। उसकी धरपकड़ का प्रयास जारी है।

Back to top button

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker