पुलिस मेंस एसोसिएशन के अध्‍यक्ष के नौ ठिकानों पर ईओयू का छापा

बिहार में आय से अधिक संपत्ति मामले में बड़ी कार्यवाही करते हुए आर्थिक अपराध अनुसंधान इकाई यानी इओयू ने मंगलवार सुबह पुलिस मेंस एसोसिएशन के अध्‍यक्ष नरेन्‍द्र कुमार धीरज के कई ठिकानों पर छापामारी की है।

पटना के बेउर के अलावा नरेन्‍द्र कुमार धीरज के भाइयों और भतीजे के भोजपुर स्थित नौ ठिकानों पर तलाशी अभियान जारी है। नरेन्‍द्र कुमार धीरज पर भ्रष्‍टाचार के जरिए अपने और अपने परिवार-रिश्‍तेदारी के लोगों के नाम पर करोड़ों रुपए की संपत्ति जुटाने का आरोप है।

मिली जानकारी के अनुसार मंगलवार की सुबह ईओयू की नौ अलग-अलग टीमों ने पटना, आरा और अरवल जिलों में नरेन्‍द्र के ठिकानों पर एक साथ छापामारी की।

एक साथ तीन जिलों में नौ ठिकानों पर चल रही इस छापामारी को लेकर तरह-तरह के कयास लगाए जा रहे हैं। बताया जा रहा है ईओयू ने नरेन्‍द्र के अलावा उनके रिश्‍तेदारों के घर और व्‍यावसायिक प्रतिष्‍ठान को भी अपनी जांच में शामिल किया है। 

बिहार पुलिस मेंस एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष नरेंद्र कुमार धीरज बिहार पुलिस में सिपाही के पद पर तैनात हैं। आरोप है कि उन्‍होंने आय से अधिक संपत्ति अर्जित की है। इसे लेकर उनके खिलाफ केस दर्ज किया गया है।

बताया जा रहा है कि नरेन्‍द्र कुमार और उनके रिश्‍तेदार काफी दिनों से ईओयू के राडार पर थे। मंगलवार को पूरी तैयारी के साथ नरेन्‍द्र कुमार के ठिकानों पर धावा बोला गया। 

Back to top button