रक्षा बंधन पर रहेगा शोभन योग

उज्जैन (नईदुनिया प्रतिनिधि)। श्रावणी पूर्णिमा पर 22 अगस्त को रक्षा बंधन पर्व मनाया जाएगा। इस बार रक्षा बंधन पर शुभ व सौभाग्य देने वाल शोभन योग रहेगा। विशेष यह भी है कि राखी पर इस बार शुभ अभिजीत व प्रदोषकाल के समय भद्रा नहीं रहेगी। दिन भर त्योहार मनाया जा सकता है।

ज्योतिषाचार्य पं.अमर डब्बावाला के अनुसार 22 अगस्त रविवार को श्रावणी पूर्णिमा पर धनिष्ठा नक्षत्र व शोभन योग रहेगा। योग नक्षत्र की यह स्थिति समस्त प्रकार के दोषों का निवारण करती है। इसलिए धर्मशास्त्रीय मान्यता में इस बार की राखी विशेष शुभ है। पंचांगीय गणना के अनुसार 16 अगस्त को सूर्य का सिंह राशि में प्रवेश होगा।

इस राशि में पहले से ही मंगल व बुध विद्यमान है। इससे मंगल बुधादित्य योग का निर्माण होगा। कुंभ राशि में वक्रगत होकर भ्रमण कर रहे बृहस्पति की सातवीं दृष्टि मंगल बुधादित्य त्रिग्रही युति पर रहेगी।

यह रक्षाबंधन पर्व के लिए अनुकूलता के साथ शुभफलकारी होगी। रक्षाबंधन के पर्व पर देवगुरु बृहस्पति का प्रभाव रहेगा। किसी भी पर्व त्योहार पर देवगुरु का प्रभाव अत्यंत ही शुभ माना जाता है। पंचांगीय गणना के अनुसार राखी के दिन शोभन योग व धनिष्ठा नक्षत्र रहेगा।

ज्योतिषियों के अनुसार शोभन योग के स्वामी स्वयं बृहस्पति हैं। इधर 18 अगस्त को व्रकी बृहस्पति धनिष्ठा नक्षत्र के तीसरे चरण में प्रवेश करेंगे। इस दृष्टि से त्योहार के दिन योग व नक्षत्र दोनों पर गुरु का विशेष प्रभाव परिलक्षित होगा। यह स्थिति साढ़े बारह वर्ष बाद निर्मित हो रही है।

Back to top button

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker