दुष्यंत सिंह कल से दो दिन नैनीताल जिले में

 हल्द्वानी : भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री व प्रदेश प्रभारी दुष्यंत कुमार सिंह जिले के कार्यकर्ताओं में जोश भरेंगे। बूथ जीतने का मंत्र बताएंगे। इसके लिए वह सात व आठ अगस्त को हल्द्वानी व नैनीताल में अलग-अलग समय पर पदाधिकारियों की बैठक लेंगे। विधानसभा चुनाव से पहले प्रदेश प्रभारी की इस बैठक को बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

प्रदेश प्रभारी के जिले में पहली बार आगमन पर जिलाध्यक्ष प्रदीप बिष्ट ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। शुक्रवार को भी हल्दूचौड़ में बैठक की और तैयारियों का जायजा लिया। बिष्ट ने बताया कि प्रदेश प्रभारी सात अगस्त को सबसे पहले पूर्वाह् 11 बजे लक्ष्मी बैंक्वेट हाल में कालाढूंगी विधानसभा क्षेत्र की बैठक लेंगे।

इसके बाद पत्रकारों से वार्ता करेंगे और फिर जैसमिन बैंक्वेट हाल में लालकुआं विधानसभा क्षेत्र के कार्यकर्ताओं के साथ बैठक करेंगे। संगठन की मजबूती पर चर्चा होगी। पार्टी की ओर से सौंपे गए कार्यो के बारे में भी जानकारी ली जाएगी। शाम को जिला से लेकर प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक लेंगे।

जिलाध्यक्ष ने बताया कि आठ अगस्त को नैनीताल में सबसे पहले बूथ स्तर की बैठक होंगी। बूथ जीता, चुनाव जीता मंत्र दिया जाएगा। इसके बाद नैनीताल व भवाली मंडल के पदाधिकारियों की बैठक होगी। शाम को प्रदेश प्रभारी दिल्ली को रवाना हो जाएंगे।

Back to top button

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker