आकाशीय बिजली गिरने से युवक की मौत

उमरिया। आकाशीय बिजली गिरने से एक युवक की मौत हो गई है और तीन महिलाएं झुलस गई हैं। ये घटनाएं शनिवार को हुई। मिली जानकारी के मुताबिक ग्राम मरदर निवासी गुलजार सिंह खेत में काम कर रहा था इसी दौरान बारिश आ गई।

बारिश से बचने के लिए वह एक पेड़ के नीचे जाकर खड़ा हो गया। इसी दौरान पेड़ पर बिजली गिरी और गुलजार सिंह इस घटना में झुलस गया। कुछ देर बाद उसकी मौत हो गई। गुलजार सिंह को अस्पताल पहुंचाया गया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

कोतवाली थाना अंतर्गत ग्राम पठारी खुर्द में दो महिलाएं सुधा पति जगन महार 22 वर्ष एवं धोलिका पति सरमन महार 24 वर्ष आकाशीय बिजली की चपेट में आने से झुलस गई हैं। वही बाजाकुण्ड पठारी में भी एक महिला के गंभीर रूप से झुलसने की खबर है।

हालांकि बाजाकुण्ड निवासी महिला के अत्यंत गंभीर होने की वजह से प्राथमिक उपचार कर जबलपुर रेफर कर दिया गया है। बताया जाता है कि घायल महिलाएं खेत पर रोपा लगा रहीं थीं। इसी बीच मूसलधार बारिश में फंस गई और वही किसी पेड़ के नीचे रुक गईं, जिसके बाद आकाशीय बिजली गिरी और चपेट में आ गईं।  

दो महिलाओं को आकाशीय बिजली की चपेट में आने के बाद अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती कर दिया गया है। बताया गया है कि दोनों ही महिलाओं की हालत अब ठीक है। हालांकि काफी झुलस जाने के कारण दोनों महिलाएं अभी बात करने की स्थिति में नहीं हैं।

घटना की जानकारी लगने के बाद विधायक बांधवगढ़ शिवनारायण भी महिलाओं को देखने अस्पताल पहुंचे। उन्होंने चिकित्सकों को निर्देश दिया है कि वह महिलाओं के उपचार में किसी भी तरह की कोताही न बरतें।

विधायक ने ग्रामीण क्षेत्र के लोगों से अपील की है कि बारिश के दौरान बचाव के लिए किसी पेड़ के नीचे पनाह ना लें क्योंकि बिजली गिरने की ज्यादा आशंका पेड़ पर ही होती है।

Back to top button

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker