महंगाई के खिलाफ महिला कांग्रेस ने निकाला जुलूस

रुद्रपुर, महंगाई व महिलाओं पर बढ़ते अत्याचार के खिलाफ महिला कांग्रेस कमेटी की प्रदेश प्रभारी परमिंदर कौर की अगुवाई में कांग्रेस महिला मोर्चा ने गल्ला मंडी से बाटा चौक तक जुलूस निकाला। जहां पर उन्होंने प्रदर्शन कर भाजपा सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदेश प्रभारी परमिंदर कौर ने कहा कि महंगाई चरम पर है।

सिलिंडर की कीमत बहुत ज्यादा हो गयी है। ऐसे में आम जनता के किचन का बजट गड़बड़ा गया है।जब से केंद्र व प्रदेश में भाजपा की सरकार बनी है, तब से बेरोजगारी तेजी से बढ़ी है। पेट्रोल सौ रुपये लीटर हो गया है। डीजल के दाम बढ़ने से फसल लागत बढ़ गयी है। किसानों की आर्थिक स्थिति खराब हो गयी है।

उन्होंने कहा कि भाजपा मातृशक्ति की बात तो करती है, मगर भाजपा सरकार में महिलाएं सुरक्षित नहीं हैं। महिलाओं पर आए दिन अत्याचार हो रहा है। पूर्व कैबिनेट मंत्री तिलकराज बेहड़ ने कहा कि भाजपा हर मोर्चे पर फेल हो चुकी है।

राज्य में विकास कार्य ठप है। जनता भाजपा की कथनी करनी को समझ चुकी है। विधानसभा चुनाव में जनता भाजपा को करारा जवाब देगी। इससे पहले गल्ला मंडी में भी प्रदर्शन कर रोष जताया।

जुलूस में महानगर कांग्रेस अध्यक्ष जगदीश तनेजा, पूर्व पालिकाध्यक्ष मीना शर्मा, अनिल शर्मा, अनिता कश्यप, बबिता बैरागी, प्रीति साना आदि शामिल थे।

Back to top button

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker