अनुराग ठाकुर ने खेल मंत्रालय का प्रभार संभाला

अनुराग ठाकुर ने टोक्यो ओलंपिक खेलों से दो सप्ताह पहले गुरुवार को नए खेल मंत्री का पद भार संभाला और उम्मीद व्यक्त की कि देश खेलों के क्षेत्र में प्रगति जारी रखेगा। टोक्यो ओलंपिक 23 जुलाई से शुरू हो रहे हैं जिसमें भारत का 100 से अधिक खिलाड़ियों का दल भाग लेगा।

ठाकुर ने खेल मंत्रालय का पद भार संभालने के बाद पत्रकारों से कहा, ‘भारत को खेलों में आगे ले जाने के लिए राष्ट्रीय खेल महासंघों, राज्यों और सभी संबंधित पक्षों को साथ लेकर काम करेंगे। किरण रिजिजू(पिछले खेल मंत्री) के समय जो नयी योजनाएं शुरू की गई थी उन्हें जारी रखा जाएगा।

मणिशंकर अय्यर (2006-2008) के बाद ठाकुर पहले कैबिनेट मंत्री हैं जिन्हें खेल मंत्रालय की जिम्मेदारी सौंपी गई है। नितीश प्रमाणिक को खेल मंत्रालय में राज्यमंत्री बनाया गया है। ठाकुर के पास सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय का भी जिम्मा है।

ठाकुर का खेलों से पुराना रिश्ता है। उन्होंने हिमाचल प्रदेश की तरफ से एक रणजी ट्राफी मैच खेला था तथा वह मई 2016 से फरवरी 2017 तक भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) के अध्यक्ष भी रहे थे।

Back to top button

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker