राहुल.सिद्धू से मुलाकात के बाद सोनिया से मिलने पहुंचीं प्रियंका

विधानसभा चुनाव से ठीक पहले पंजाब कांग्रेस में सियासी खींचतान का मसला अब दिल्ली के लिए भी सिरदर्द बनता जा रहा है। पंजाब कांग्रेस में जारी इस कलह को दूर करने के लिए बैठकों के बाद अब व्यक्तिगत मुलाकातों का दौर शुरू हो गया है।

सियासी सरगर्मियों को देखें तो पंजाब कांग्रेस में कलह पर राहुल गांधी से अधिक प्रियंका गांधी एक्टिव नजर आ रही हैं। राहुल गांधी और  नवजोत सिंह सिद्धू से मुलाकात के बाद प्रियंका गांधी सोनिया गांधी से मिलने उनके आवास पर पहुंची हैं।

राहुल गांधी की ना के बाद जिस तरह से मुस्कुराते हुए नवजोत सिंह सिद्दू की प्रियंका गांधी के साथ मुलाकात की तस्वीर सामने आई है, इससे अंदरखाने यह चर्चा तेज हो गई है कि पंजाब कांग्रेस की नैया पार प्रियंका ही लगाएंगी।

राहुल और सिद्धू से मुलाकात के बाद प्रियंका अपनी मां और कांग्रेस के अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी से मिलने उनके आवास 10 जनपथ पहुंची हैं। माना जा रहा है कि प्रियंका नवजोत सिंह सिद्धू और राहुल गांधी के साथ हुई मुलाकात और बातचीत को सोनिया के साथ साझा करेंगी और फिर पंजाब की कलह को दूर करने की प्लानिंग पर विचार-विमर्श करेंगी।

Back to top button