भाजपा की कोर कमेटी की बैठक

लखनऊ। भारतीय जनता पार्टी का शीर्ष नेतृत्व उत्तर प्रदेश के विधानसभा चुनाव को लेकर बेहद गंभीर है। जून में करीब 20 दिन बाद ही भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री बीएल संतोष तथा उत्तर प्रदेश के प्रभारी राधा मोहन सिंह का दौरा इसकी गंभीरता को दिखा रहा है। भारतीय जनता पार्टी उत्तर प्रदेश में सेवा, सम्पर्क और संवाद से विधानसभा चुनाव 2022 के लिए अपनी जमीन को मजबूत करेगी।

लखनऊ में दो दिवसीय दौरे के पहले दिन सोमवार को संतोष के साथ राधामोहन सिंह पहले तो भाजपा दफ्तर पहुंचे। इसके बाद श्यामा प्रसाद मुखर्जी अस्पताल जाकर टीकाकरण अभियान का जायजा लिया और फिर विद्या भारती के कार्यालय सरस्वती कुंज, निरालानगर पहुंचे। निराला नगर में राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के पदाधिकारियों के साथ काफी देर तक वार्ता की।

इस दौरान राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के क्षेत्र प्रचारक अनिल के साथ भाजपा संगठन और सरकार के सेवा कार्यों पर चर्चा हुई। संघ पदाधिकारी से उनके सुझाव भी लिए गए। इस दौरान संतोष व राधा मोहन सिंह के साथ भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह तथा महामंत्री संगठन सुनील बंसल भी थे। भाजपा का लक्ष्य सेवा, संपर्क और संवाद से चुनावी जमीन मजबूत करने का है।

Back to top button