प्रधानमंत्री मोदी के करीबी एके शर्मा को भाजपा ने यूपी में प्रदेश उपाध्यक्ष बनाया

लखनऊ : प्रधानमंत्री के करीबी पूर्व आईएएस अधिकारी एके शर्मा को भाजपा ने बड़ी जिम्मेदारी दी है। एके शर्मा को यूपी में प्रदेश उपाध्यक्ष बनाया गया है। आईएएस से इस्तीफा देकर राजनीति में आने के बाद फरवरी में उन्हें एमएलसी बनाया गया था। पिछले कुछ समय से उनके योगी मंत्रिमंडल में शामिल होने और उप मुख्यमंत्री बनने की चर्चा थी। एके शर्मा के साथ ही दो मंत्री भी बनाए गए हैं। एमएलसी बनने के बाद से एके शर्मा लगातार यूपी में एक्टिव थे। विभिन्न जिलों में कोविड नियंत्रण अभियान में जुटे हुए थे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी में कोरोना को नियंत्रित करने में उनका खास योगदान माना गया। प्रधानमंत्री ने बनारस मॉडल की चर्चा भी की थी।

भाजपा प्रवक्ता मनीष शुक्ला ने बताया कि इन लोगों की नियुक्ति से पार्टी और संगठन को मजबूती मिलेगी। खासकर एके शर्मा के बारे में उन्होंने कहा कि वह मऊ से आते हैं। वहां उनका काफी वर्चस्व है। इससे पार्टी को मजबूती मिलेगी। पूर्वांचल में पार्टी को बढ़ाने में काफी मदद मिलेगी। वह लंबे समय तक ब्यूरोक्रेसी में रहे हैं, उनके अनुभवों का लाभ पार्टी को मिलेगा। एके शर्मा के अलावा दो प्रदेश मंत्रियों की भी नियुक्ति की गई है। लखनऊ की अर्चना मिश्रा और बुलंदशहर के अमित वाल्मीकि को प्रदेश मंत्री बनाया गया है।

Back to top button