जल्द मिलेगी केंद्र से राज्यों को वैक्सीन की 56 लाख डोज
भारत में कोरोना वायरस के खिलाफ जंग और तेज होने वाली है, क्योंकि राज्यों को जल्द ही केंद्र सरकार की ओर से 56 लाख वैक्सीन की डोज मिलने वाली है। स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों के मुताबिक, केंद्र सरकार अगले तीन दिनों में राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को कोरोना वैक्सीन की 56 लाख से अधिक खुराक उपलब्ध कराएगी।
केंद्रीय स्वास्थ्य एंव कल्याण मंत्रालय ने कहा कि कोरोना वैक्सीन की 56,70,350 से अधिक खुराक पाइपलाइन में हैं और अगले 3 दिनों के भीतर राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों को मिल जाएंगी। मंत्रालय के मुताबिक, राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के पास कोरोना वैक्सीन की 2,18,28,483 खुराकें अभी भी उपलब्ध हैं।
मंत्रालय ने एक आधिकारिक बयान में कहा कि भारत सरकार (मुफ्त चैनल) और प्रत्यक्ष राज्य खरीद श्रेणी के माध्यम से अब तक राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को 27.28 करोड़ (27,28,31,900) से अधिक वैक्सीन की खुराक प्रदान की जा चुकी है। आज सुबह 8 बजे उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, इसमें बर्बाद समेत कुल 25,10,03,417 खुराकों की खपत हुई है।