शादी के बहाने महाराष्ट्र से परोल पर घर आया कैदी हुआ फरार

सुलतानपुर
उत्तर प्रदेश के सुलतानपुर में महाराष्ट्र कोर्ट का सजायाफ्ता कैदी बेटी की शादी में शामिल होने के लिए परोल पर घर आया। इस बीच कोरोना के कारण शादी टल गई थी तो कैदी घर पर ही रुक गया। महाराष्ट्र से उसे लेकर आए सिपाही कमरे में उसे बंद करके रखे हुए थे। इसी बीच मौके का फायदा उठाकर वो खिड़की तोड़कर फरार हो गया। इस तरह से सजायाफ्ता कैदी के फरार होने से हड़कंप मच गया है। वहीं पुलिस ने ठाणे थाने के दरोगा की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दिया है।

बता दें कि कोतवाली देहात थाना क्षेत्र के सराय अचल गांव निवासी वेद प्रकाश सिंह ने महाराष्ट्र के ठाढे थाने में किसी नजदीकी रिश्तेदार की संपत्ति की विवाद में हत्या कर दी थी। उसको आजीवन कारावास की कठोर सजा हुई। सात साल जेल में रहने के बाद वह फरार हो गया और 17 साल तक फरारी काटता रहा। महाराष्ट्र पुलिस ने चार साल पहले उसके घर से एक समारोह के दौरान उसको पकड़ने मे सफलता हासिल की थी।

वेद प्रकाश सिंह ने अपनी बेटी की शादी के बहाने कोर्ट में अर्जी देकर दस दिन की परोल ली, 12 मई को वो घर पहुंचा। परिजनों ने बताया कि कोरोना के चलते शादी टल गयी थी और वेद प्रकाश महाराष्ट्र पुलिस की देख रेख में घर पर रुक गया था। महाराष्ट्र पुलिस कमरे में ताला बंद कर बाहर पहरा देती रही और वेद प्रकाश शुक्रवार की रात खिड़की तोड़कर फरार हो गया। इसकी सूचना कोतवाली देहात पुलिस को दी गयी तो मौके पर पहुंचकर पुलिस ने जांच पड़ताल की।

फिलहाल परोल पर आऐ सजायाफ्ता कैदी के भाग जाने के बाद ठाणे पुलिस के उपनिरीक्षक एस निम्बालकर की तहरीर पर कोतवाली देहात पुलिस ने पुलिस अभिरक्षा से भाग जाने का मुकदमा पंजीकृत कर कार्रवायी शुरू किया है। मुकदमा दर्ज होने के बाद उपनिरीक्षक महाराष्ट्र पुलिस एस निंबालकर और हेड कांस्टेबल मुरकुटे सहित सभी पांच पुलिस कर्मी महाराष्ट्र को रवाना हो गये हैं। एसओ कोतवाली देहात देवेन्द्र सिंह ने बताया कि, सराय अचल गांव से परोल पर आए कैदी के भागने के मामले मे मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले की जांच पड़ताल की जा रही है।

Back to top button

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker