इस साल बालिकाओं को मिलिट्री पुलिस में सैनिक जीडी के पदों की भर्ती की होगी शुरू प्रक्रिया, ऑनलाइन होंगे रजिस्ट्रेशन

कोरोना के बीच सेना में सैनिक बनने का सपना रखने वाली बेटियों के लिए अच्छी खबर आयी है। रक्षा मंत्रालय ने इस साल बालिकाओं को मिलिट्री पुलिस में सैनिक जीडी के पदों की भर्ती की प्रक्रिया शुरू कर दी है। योग्यता रखने वाली बालिकाएं 31 अगस्त तक सेना की वेबसाइट Joinindianarmy.nic.in पर अपना ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन करवा सकेंगी। लखनऊ सहित देश भर में छह भर्ती सेंटर बनाए जाएंगे। बालिकाओं को उनके गृह जिले के आसपास के सेंटर में भर्ती प्रक्रिया पूरी करनी होगी।

बालिकाओं के लिए जवान के रूप में पहली बार पिछले साल मिलिट्री पुलिस में भर्ती प्रक्रिया शुरू की गई थी। पिछले साल 100 पदों के लिए भर्ती हुई थी। इस बार 99 पदों के लिए भर्ती की जाएगी। लखनऊ के साथ अंबाला, जबलपुर, बेंगलूर, शिलांग और पुणे में भर्ती रैली होगी। रैली में दसवीं की 45 प्रतिशत अंकों के साथ साढ़े सत्रह से 21 साल की उम्र तक की वह बालिकाएं जिनकी न्यूनतम ऊंचाई 152 सेमी. होगी, वह हिस्सा ले सकेंगी। हालांकि ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन के बाद सेना उनके प्राप्तांकों की कट ऑफ मेरिट लिस्ट बनाएगी।

मेरिट में आने वाली बालिकाओं को ही ऑनलाइन प्रवेश पत्र जारी किए जाएंगे। एक समान अंक आने पर अधिक उम्र वाली बालिकाओं को वरीयता मिलेगी। उनको 1.6 किमी. की दौड़ 7:30 मिनट तक पूरा करने पर ग्रुप एक और आठ मिनट तक पूरा करने पर ग्रुप दो में रखा जाएगा। दौड़ के बाद बालिकाओं को 10 फीट की लांग जंप और तीन फीट की हाइजंप को पार करना होगा। भर्ती रैली और फिर ट्रेनिंग सेंटर पर चयनित बालिकाओं को एमबीबीएस डॉक्टर से गर्भवती न होने का प्रमाण पत्र देना होगा।

Back to top button

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker