भीषण गर्मी से बेहाल राजस्थान और दिल्ली

दिल्ली एनसीआर समेत उत्तर और पश्चिम भारत के कई इलाके लू की चपेट में हैं। मंगलवार को राजस्थान के चुरू में पारा 50 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंच गया।

वहीं राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के पालम केंद्र में अधिकतम तापमान 47.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जबकि शहर के अधिकतर हिस्सों में अधिकतम तापमान सामान्य से 6 डिग्री तक अधिक दर्ज किया गया।

मौसम विभाग के मुताबिक गर्मी का यह सितम आज यानी बुधवार को भी कहर बरपाएगा। हालांकि, गुरुवार को इससे कुछ हद तक राहत मिल सकती है।

भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) के मुताबिक बड़े इलाके में लगातार दो दिनों तक अधिकतम तापमान 45 डिग्री दर्ज होने पर लू की घोषणा की जाती है जबकि पारा 47 डिग्री होने पर प्रचंड लू की घोषणा की जाती है। मौसम विभाग के मुताबिक दिल्ली जैसे छोटे इलाके में एक दिन भी 45 डिग्री तापमान होने पर लू की घोषणा की जा सकती है।

राजस्थान के कई इलाके प्रचंड लू का सामना कर रहे हैं और चुरू जिले में पारा 50 डिग्री को छू गया। पिछले 10 साल में यह दूसरी बार है जब चुरू में मई महीने में इतना अधिक तापमान दर्ज किया गया।

मौसम विभाग के मुताबिक 19 मई 2016 में चुरू में सबसे अधिक 50.2 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया था।

मौसम विभाग के मुताबिक बीकानेर, गंगानगर, कोटा और जयपुर में अधिकतम तापमान क्रमश: 47.4 डिग्री, 47 डिग्री, 46.6 डिग्री और 45 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. मौसम कार्यालय ने चुरू, बीकानेर, हनुमानगढ़ और गंगानगर में अगले 24 घंटे प्रचंड लू चलने का पूर्वानुमान लगाया है।

दिल्ली के सफदरजंग वेधशाला में 18 साल के बाद मंगलवार को मई महीने का सबसे अधिक तापमान 46 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

दिल्ली में लोग चिलचिलाती गर्मी और लू के थपेड़ों का सामना कर रहे हैं और अधिकतर स्थानों पर अधिकतम तापमान सामान्य से 6 डिग्री अधिक दर्ज किया गया. वहीं पालम इलाके में तापमान 47.6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।

मौसम विभाग के मुताबिक उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में भी लू का प्रकोप जारी है। प्रयागराज 47.1 डिग्री अधिकतम तापमान के साथ प्रदेश का सबसे गर्म स्थान रहा। विभाग ने कहा कि प्रदेश में आने वाले तीन-चार दिनों तक का लू का प्रकोप जारी रहेगा।

मौसम विभाग के मुताबिक गुरुवार को पश्चमी विक्षोभ और पूर्वी हवाओं की वजह से गर्मी से कुछ राहत मिल सकती है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय राजधानी में शुक्रवार और शनिवार को धूल भरी आंधी चलने और गरज के साथ छींटे पड़ने की संभावना है। यहां पर 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker