पानी कब, कितना पिएं, ठंडे की जगह गुनगुना पानी क्यों है बेहतर

मानव शरीर के वजन का दो तिहाई भाग पानी होता है। रोजाना 2.5 लीटर पानी शरीर से निकलता है। शरीर में 10 फीसदी पानी की कमी होने पर प्यास लगती है। सुबह उठने से लेकर रात में सोने तक पानी पीना सेहतमंद रहने के लिए जरूरी है। कब, कितना और कैसे पानी पिएं, इसकी जानकारी जरूरी है। आयुर्वेद के मुताबिक, सुबह उठने के बाद खाली पेट पानी पीना सबसे ज्यादा जरूरी है। प्रतिदिन सभी को लगभग 8 से 10 ग्लास पानी पीना अनिवार्य है ताकि शरीर और त्वचा सेहतमंद रहे। पानी कैसे पिएं, इसे लेकर भी एक नियम है जिसके मुताबिक खड़े होकर पानी न पिएं, इससे जॉइंट्स कमजोर होते हैं। केवल नॉर्मल पानी ही नहीं बल्कि गुनगुना पानी पीने के और भी ज्यादा फायदे हैं।

www.myupchar.com से जुड़े एम्स के डॉ. अनुराग शाही के अनुसार, शरीर की सभी कोशिकाओं को ठीक से काम करने के लिए पानी की जरूरत पड़ती है। पानी की कमी से डिहाइड्रेशन होता है और ज्यादा पानी पीने से ओवरहाइड्रेशन हो सकता है। इसलिए दोनों ही स्थितियों में सजग रहना चाहिए।

जानिए कब पिएं पानी

यह भी सवाल आता है कि आखिर पानी कब पिएं। इस बात का ध्यान रखें कि जब भी प्यास लगे, तब पानी जरूर पिएं और उस समय टालें नहीं। प्यास ही है जो यह बताती है कि शरीर को अब पानी की जरूरत है। खास ख्याल यह रखें कि खाना खाने से आधा घंटे पहले और खाना खाने के एक घंटे बाद ही पानी पिएं। खाना खाने से आधा घंटा पहले दो गिलास पानी पीने से पेट जल्दी भरेगा। खाना कम खाने में आएगा और वजन नियंत्रित रहेगा। खाना खाने से बिल्कुल पहले पानी पीने से पाचन शक्ति कमजोर होती है। साथ ही खाने के तुरंत बाद पानी पीने से शरीर फूलता है, मोटापा चढ़ता है और कब्ज की समस्या हो जाती है।

वे लोग अधिक मात्रा में पानी पिएं जिन्हें हाई ब्लड प्रेशर की शिकायत हो, जिन्हें बुखार, कब्ज, पेट में जलन, पेशाब में जलन या यूरिन इन्फेक्शन जैसी दिक्कतें हो। उल्टी या दस्त आदि के समय पानी की कमी ना रहे, इसके लिए पानी थोड़ा-थोड़ा करके लगातार नमक शक्कर के साथ पीना चाहिए। अधिक पानी पीने से गुर्दे में पथरी आदि की समस्या की आशंका कम हो जाती है।

कब पानी न पिएं

गर्म चाय या कॉफी पीने, खीरा, खरबूजा, ककड़ी, भुट्टा, मक्का खाने के तुरंत बाद पानी न पिएं। धूप से आकर तुरंत पानी नहीं पिएं, पहले शरीर का तापमान कम हो जाए फिर पिएं। यह ध्यान रखें कि  बहुत गर्म खाने के बाद ठंडा पानी और बहुत ठंडा खाने के बाद गर्म पानी न लें।

गुनगुना पानी पीने के ये हैं फायदे

ठंडे की बजाए गुनगुना पानी पीने के ढेरों फायदे हैं। सुबह खाली पेट एक गिलास गुनगुना पानी पीने से सर्दी-खांसी, कब्ज, सिरदर्द, बदहजमी आदि में आराम मिलता है। गर्म पानी पीने से विषैले तत्व आसानी से बाहर निकल जाते हैं। खाने के बाद एक गिलास गर्म पानी पीने से गैस, कब्ज, पसली का दर्द, टॉन्सिल जैसी समस्या, हिचकी आदि ठीक हो जाते हैं। जॉइंट्स में दर्द व सूजन और गठिया से पीड़ित लोगों को गर्म पानी जरूर पीना चाहिए। गर्म पानी पीने से लिवर को ताकत मिलती है। पेट के कीड़े, पेट में सूजन, पेचिश आदि में भी गर्म पानी फायदा करता है। गुनगुना पानी पीने से साइनस की समस्या में आराम मिलता है। गुनगुना पानी पीने से शरीर का तापमान बढ़ जाता है, इससे मेटाबॉलिज्म की प्रक्रिया तेज हो जाती है। इससे एक्स्ट्रा कैलोरी से जल्द छुटकारा मिलता है और इससे वजन घटता है।

Back to top button

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker