Patrick Stewart के निधन से शोक में डूबा हॉलीवुड, ह्यू जैकमैन

‘एक्स-मेन’ और ‘स्टार ट्रेक’ फ्रेंचाइजी में अपनी भूमिकाओं के लिए मशहूर हॉलीवुड स्टार पैट्रिक स्टीवर्ट का बुधवार को लॉस एंजिल्स में 86 साल की उम्र में निधन हो गया। उनके निधन से मनोरंजन जगत में शोक की लहर है और उनके को-स्टार्स तथा साथियों ने उन्हें श्रद्धांजलि दी है। ह्यू जैकमैन, विलियम शैटनर और कई अन्य लोगों ने सोशल मीडिया पर इस दिग्गज अभिनेता को याद किया और भावपूर्ण संदेश साझा किए।
ह्यू जैकमैन और अन्य लोगों ने पैट्रिक स्टीवर्ट को दी श्रद्धांजलि
ह्यू जैकमैन (Hugh Jackman) ने ‘एक्स-मेन’ फ्रैंचाइजी में पैट्रिक स्टीवर्ट (Patrick Stewart) के साथ काम किया था, जिसमें ह्यू ने वूल्वरिन का किरदार निभाया था और पैट्रिक ने प्रोफेसर चार्ल्स जेवियर की भूमिका निभाई थी। उनके साथ अपनी तस्वीरें शेयर करते हुए, ह्यू ने लिखा, ‘आज हमने स्टेज और स्क्रीन के एक महान कलाकार को खो दिया है। और मेरी नजर में, वे एक बेहतरीन दोस्त और इंसान भी थे। मैंने उनसे बहुत कुछ सीखा है। पैट्रिक स्टीवर्ट, मुझे आपकी हमेशा याद आएगी’।
‘स्टार ट्रेक: जनरेशन्स’ (1994) में पैट्रिक के साथ काम करने वाले विलियम शैटनर, ने एक भावुक श्रद्धांजलि देते हुए अपना दुख जाहिर किया। इंस्टाग्राम पर उन्होंने दिवंगत अभिनेता के साथ एक तस्वीर शेयर की और लिखा, ‘यह हफ्ता कितना दुखद रहा है। सर पैट्रिक स्टीवर्ट एक दोस्त, सहकर्मी और बेहतरीन अभिनेता थे। मंच से लेकर ‘एंटरप्राइज’ के ब्रिज तक, उन्होंने अपने हर काम में समझदारी, शालीनता और गहरी मानवीय संवेदना दिखाई।
कैप्टन पिकार्ड हममें से सबसे बेहतरीन इंसान का प्रतीक थे और उन्हें निभाने वाले अभिनेता भी ऐसे ही थे। मेरे मन में उनके और उनके काम के लिए बहुत स्नेह और सम्मान था। मेरी संवेदनाएं सनी और उनके परिवार के साथ हैं। उनकी बहुत याद आएगी’।
फिल्म ‘लोगन’ में उनके साथ काम करने वालीं डैफने कीन ने अपना दुख जताते हुए एक लंबा नोट लिखा। उन्होंने लिखा, ‘आज मुझे पैट्रिक के निधन के बारे में पता चला। यह एक अजीब संयोग है, क्योंकि कल रात ही मैं उन्हें एक ईमेल लिखने के बारे में सोच रही थी। कुछ ऐसा जो मैंने काफी समय से नहीं किया था। वे बहुत ही दयालु, सच्चे, मजाकिया, अनोखे, ख्याल रखने वाले और आकर्षक इंसान थे।
रुसो ब्रदर्स ने जताया आभार
रूसो ब्रदर्स (Russo Brothers) ने भी अभिनेता की तारीफ की और उनके साथ काम करने के लिए आभार जताया। उन्होंने लिखा, ‘हम बहुत किस्मत वाले रहे हैं कि हमें अपने बचपन के कुछ नायकों के साथ काम करने का मौका मिला और सर पैट्रिक स्टीवर्ट हमेशा उनमें से एक रहेंगे। एक ऐसे दिग्गज अभिनेता, जिनकी मौजूदगी ही खास है और जिनकी ईमानदारी बेमिसाल है। सर, हम सभी का मनोरंजन करने के लिए आपका धन्यवाद और पर्दे पर तथा पर्दे के बाहर, हमें इंसानियत सिखाने के लिए भी आपका शुक्रिया’।
मार्वल स्टूडियोज ने दी श्रद्धांजलि
पैट्रिक ‘एवेंजर्स: डूम्सडे’ (Avengers: Doomsday) में नजर आएंगे, जो पर्दे पर उनकी आखिरी मौजूदगी होगी। मार्वल स्टूडियोज ने इंस्टाग्राम पर एक भावपूर्ण श्रद्धांजलि पोस्ट की, जिसमें लिखा था, ‘सर पैट्रिक स्टीवर्ट के निधन से हम सभी मार्वल स्टूडियोज (Marvel Studios) में बेहद दुखी हैं। सर पैट्रिक ने अद्भुत शालीनता, बुद्धिमत्ता और मानवीय संवेदनाओं के साथ ‘प्रोफेसर चार्ल्स जेवियर’ के किरदार में जान डाल दी।
पैट्रिक स्टीवर्ट का निधन
अभिनेता के सोशल मीडिया अकाउंट पर जारी एक बयान में उनके निधन की पुष्टि की गई है। बयान में कहा गया है, ‘हम बहुत दुख के साथ यह बता रहे हैं कि कल लॉस एंजिल्स स्थित अपने घर पर सर पैट्रिक स्टीवर्ट का निधन हो गया। इस दौरान उनकी पत्नी सनी उनके साथ थीं और उन्होंने उनकी बहुत देखभाल की। पैट्रिक कुछ समय से अल्जाइमर रोग और लेवी बॉडी डिमेंशिया जैसी गंभीर बीमारियों से जूझ रहे थे। उनके अंतिम समय में परिवार और दोस्त उनके साथ थे। वहां लाइव संगीत, प्रार्थना, आंसू और हंसी का माहौल था, ऐसी गहरी भावनाएं, जो केवल पैट्रिक ही जगा सकते थे, क्योंकि उन्होंने अपना पूरा जीवन हम सभी के लिए समर्पित कर दिया था’।
पैट्रिक के परिवार में उनकी पत्नी सनी ओजेल हैं। इसके अलावा, उनकी पहली शादी से उनके दो बच्चे हैं- बेटा डैनियल स्टीवर्ट और बेटी सोफी एलेक्जेंड्रा-स्टीवर्ट।





