नरसिंह कुटी के पास बेतरतीब डिवाइडर बना हादसों का कारण, चौथी बार वाहन टकराया

महोबा: शहर के नरसिंह कुटी के सामने रामकथा मार्ग पर बना बेतरतीब डिवाइडर एक बार फिर सड़क हादसे का कारण बन गया। यहां चौथी बार किसी वाहन के डिवाइडर से टकराने की घटना सामने आई है।

स्थानीय लोगों के अनुसार इससे पहले भी यहां एक भीषण दुर्घटना हो चुकी है, जिसमें एक व्यक्ति की जान चली गई थी। रामकथा मार्ग का यह मोड़ बेहद संवेदनशील और ट्रैफिक दबाव वाला क्षेत्र है, जिससे यहां हमेशा दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।

लोगों का कहना है कि यातायात व्यवस्था के नाम पर यहां कभी-कभार एक पीआरडी जवान तैनात दिखता है, लेकिन स्थायी समाधान की दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है।
स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि इस खतरनाक ब्लैक स्पॉट का तत्काल संज्ञान लिया जाए, डिवाइडर की संरचना को सही कराया जाए, रिफ्लेक्टर और चेतावनी संकेत लगाए जाएं तथा नियमित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि भविष्य में किसी बड़ी दुर्घटना से बचा जा सके।

Back to top button