महोबा सदर लेखपाल ने फर्जी आख्या लगा किया निस्तारण,सम्पूर्ण समाधान दिवस में हुई शिकायत

महोबा: एक ओर जहाँ योगी सरकार ज़मीनो को अवैध कब्जों से मुक्त करवाने की बात कर रही है वहीं दूसरी ओर उनके ही कर्मचारी सरकार की साख पर बट्टा लगा रहें है।ऐसा ही मामला जनपद मुख्यालय से सामने आया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार शहर के मोहल्ला समद नगर सिंह भवानी वार्ड न.13 में बस्ती के बीचो बीच बनी सार्वजनिक कब्रिस्तान शमशान की भूमि पर प्रभावशाली गिरोहबंद भूमाफियाओं द्वारा लेखपाल की मिलीभगत से अवैध कब्ज़ा किया जा रहा है।
सदर लेखपाल नरेश चन्द्र का संरक्षण पाकर दबंग गिरोहबंद भूमाफियाओ ने सार्वजनिक कब्रिस्तान शमशान की भूमि पर प्रशासन की अनुमति के बिना ही अवैध बाउंड्रीवाल दरवाजे का निर्माण कर ताला डाल दिया है। बतादे कि जनहित में जब इस मामले की शिकायत मुख्यमंत्री पोर्टल, सम्पूर्ण समाधान दिवस और जिला प्रभारी मंत्री उत्तर प्रदेश शासन राकेश राठौर गुरु जी से की गयीं तो जांच में सदर लेखपाल नरेश चन्द्र ने फर्जी और मनगढंत आख्या लगाकर निस्तारण कर दिया और शासन तथा प्रशासन को गुमराह किया जा रहा है।लेखपाल नरेश चन्द्र द्वारा गिरोहबंद भूमाफियाओ के साथ मिलकर शिकायतकर्ताओं को ही पीड़ित किया जा रहा है जिससे भूमाफियाओ के हौसले बुलंद नज़र आ रहें है। साथ ही लेखपाल द्वारा इस प्रकार किये गये कार्य से सरकार की स्वच्छ छवि आमजन में धूमिल हो रही है।

मामले को लेकर शनिवार 7मार्च को सम्पूर्ण समाधान दिवस के मौके पर सदर तहसील में जिलाधिकारी गज़ल भारद्वाज से लेखपाल नरेश चन्द्र की फर्ज़ी आख्या लगाकर शासन प्रशासन को गुमराह करने की लिखित शिकायत की गयी है।जिलाधिकारी ने मामले की जाँच सदर उपजिलाधिकारी शिवध्यान पाण्डेय को सौप कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन दिया गया है।
तहसील महोबा में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन जिलाधिकारी गजल भारद्वाज की अध्यक्षता में किया गया।इसमें जिलाधिकारी गजल भारद्वाज, पुलिस अधीक्षक प्रबल प्रताप सिंह, मुख्य विकास अधिकारी बलराम कुमार, अपर जिलाधिकारी न्यायिक सुखबीर सिंह, उपजिलाधिकारी महोबा शिवध्यान पांडे द्वारा लोगों की समस्याओं को सुना गया।इस मौके पर तहसील महोबा से कुल 65 शिकायतें प्राप्त हुईं जिनमें से 09 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया।इसी प्रकार तहसील कुलपहाड़ में अपर जिलाधिकारी नमामि गंगे मोईनुल इस्लाम की अध्यक्षता एवं उपजिलाधिकारी कुलपहाड़ डॉ प्रदीप कुमार की उपस्तिथि में 73 में से 02 तथा तहसील चरखारी में अपर जिलाधिकारी वित्त/राजस्व कुंवर पंकज की अध्यक्षता एवं उपजिलाधिकारी चरखारी धीरेन्द्र कुमार की उपस्तिथि में 20 में से 02 शिकायतों का निस्तारण मौके पर किया गया।शिकायतों का अनुश्रवण करते हुए जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी शिकायतों का निस्तारण समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण तथा संतुष्टि के आधार पर किया जाए।उन्होंने कहा कि शिकायत का निस्तारण करने से पहले शिकायत कर्ता से जरूर बात की जाए।शिकायत निस्तारण से यदि शिकायत कर्ता संतुष्ट नहीं है तो शिकायत को निस्तारित नहीं माना जायेगा।यह भी कहा कि अधिकारीगण आईजीआरएस और सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों के निपटान में लापरवाही न बरतें, इन शिकायतों के बारे में मुख्यमंत्री कार्यालय से फीडबैक लिया जाता है।अतः शासन के मंशा के अनुरूप सम्पूर्ण समाधान दिवस में आये हर फरियादी की छोटी या बड़ी प्रत्येक समस्या को गम्भीरता से सुना जाए और कागज पर नही बल्कि धरातल पर शिकायतों का निस्तारण कर समय सीमा के अन्तर्गत ही उनका निराकरण भी सुनिश्चित किया जाए ताकि फरियादियों को इधर-उधर अपनी समस्याओं को लेकर भटकना न पड़े।उन्होंने कहा शिकायतों के निस्तारण की गुणवत्ता की जॉच की जायेगी। यदि निस्तारण में फर्जी वाड़ा मिला तो निश्चित ही निस्तारण करने वाले अधिकारियों/कर्मचारियों के खिलाफ कार्यवाही की जायेगी।उन्होंने कहा कि लेखपाल जब अपने क्षेत्र के ग्रामों में जाएँ तब दिग्गी पिटवाकर ग्रामीणों को सूचित करें और उनकी समस्याएं सुनकर उनका निस्तारण करें, यदि कोई बड़ी समस्या है तो अपने उपजिलाधिकारी को अवगत कराएं।





