38 डिग्री का टॉर्चर सहने को रहें तैयार, 2 दिन तेज हवा भी चलेगी, जाने अगले 6 दिन कैसा रहेगा मौसम

दिल्ली-एनसीआर के मौसम में उतार-चढ़ाव जारी है। आने वाले हफ्ते में अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का अनुमान है। इस दौरान दो दिन 20 से 30 किलोमीटर की रफ्तार से हवाएं भी चलेंगी। दो दिन बादल भी छाए रहेंगे, लेकिन बारिश होने की संभावना नहीं है।
राजधानी दिल्ली का मौसम एक बार फिर करवट बदलने वाला है। 27 और 28 मार्च को आसमान में बादल छाए रहेंगे और 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने का अनुमान है। शनिवार को आसमान साफ रहा। हालांकि दोपहर में कभी-कभी हल्के बादलों ने डेरा डाला। शनिवार को अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 16 से 17 डिग्री के बीच रहा।
मौसम विभाग के अनुसार, रविवार से बुधवार तक आसमान साफ रहेगा। रविवार को अधिकतम तापमान 33 से 35 डिग्री और न्यूनतम तापमान 15 से 17 डिग्री सेल्सियस को बीच रहने की संभावना है। वहीं, सोमवार को अधिकतम तापमान एक डिग्री बढ़कर 34 से 36 डिग्री और न्यूनतम तापमान 16 से 18 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। मंगलवार को अधिकतम तापमान में और एक डिग्री की बढ़ोतरी होगी और इसके 37 डिग्री तक पहुंचने की संभावना है। न्यूनतम तापमान 16 से 18 डिग्री के बीच रहने की संभावना है। मौसम विभाग की मानें तो बुधवार को अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, वहीं न्यूनतम तापमान 17 से 19 डिग्री के बीच रहेगा।
2 दिन बादल छाए रहेंगे, चलेंगी तेज हवाएं
मौसम विभाग ने गुरुवार और शुक्रवार को आसमान में बादल छाए रहने और 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना जताई है। हालांकि इस दौरान बारिश होने की संभावना नहीं है। हवाएं चलने से तापमान में गिरावट होगी। गुरुवार को अधिकतम तापमान 35 से 37 डिग्री और न्यूनतम तापमान 18 से 20 डिग्री के बीच रहने की संभावना है। वहीं, शुक्रवार को अधिकतम तापमान और गिरकर 34 से 36 डिग्री और न्यूनतम तापमान 18 से 20 डिग्री के बीच रहने की संभावना है।
150 दर्ज किया गया AQI
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के आंकड़ों के अनुसार शनिवार सुबह 9 बजे दिल्ली की वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 150 के साथ ‘मध्यम’ श्रेणी में रही। 0 से 50 के बीच एक्यूआई को ‘अच्छा’, 51 से 100 को ‘संतोषजनक’, 101 से 200 को ‘मध्यम’, 201 से 300 को ‘खराब’, 301 से 400 को ‘बहुत खराब’ और 401 से 500 को ‘गंभीर’ माना जाता है।