बीजेपी संगठन में जल्द होगा फेरबदल, चुनाव में पसीना बहाने वाले नेताओं को मिलेगी कुर्सी

विधानसभा चुनाव में पसीना बहाने वाले नेताओं को संगठन में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिलेगी। संगठन में फेरबदल की प्रक्रिया शुरू हो गई है। इसके लिए चुनाव प्रभारी की भी नियुक्ति कर दी गई है। बूथ से लेकर प्रदेश तक बदलाव किया जाएगा। इसकी प्रक्रिया अगले एक दो दिनों में शुरू हो जाएगी।
दिल्ली विधानसभा चुनाव में प्रत्येक सीट पर कई दावेदार थे। कई बड़े नेताओं को टिकट नहीं मिला था। उसके बाद भी उन्होंने विधानसभा चुनाव में पार्टी के प्रत्याशियों के लिए क्षेत्र में पसीना बहाया था। अब संगठन में फेरबदल का दौर शुरू हो रहा है तो उन नेताओं जिम्मेदारी मिलेगी।
सबसे पहले होगा बूथ स्तरीय समितियों का गठन
भाजपा नेताओं ने बताया कि सबसे पहले बूथ स्तरीय समितियों का गठन किया जाएगा। उसके बाद मंडल का फिर जिला अध्यक्ष व पदाधिकारी चुने जाएंगे। अंत में प्रदेश अध्यक्ष का चुनाव होगा।
उम्मीद है कि सभी पदाधिकारियों की नियुक्ति सर्वसम्मति से हो जाएगी। यदि कहीं कार्यकर्ताओं में सर्वसम्मति नहीं बनी तो वहां चुनाव कराया जाएगा। इसके लिए तैयारी शुरू हो गई है। पूरी प्रक्रिया पारदर्शी होगी। संगठन को मजबूत करने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
दिल्ली भाजपा में संगठन का पुनर्गठन शुरू
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा के अनुसार संगठनात्मक संरचना प्रक्रिया में बूथ समिति, मंडल समिति, जिला समिति से होते हुए प्रदेश समिति तक का चुनाव के अवसर दिया जाएगा। जहां कार्यकर्ता चाहेंगे वहां समन्वय से भी समिति का गठन किया जाएगा।
पार्टी के वरिष्ठ नेता के अनुसार प्रत्येक तीसरे वर्ष पार्टी संगठन का पुनर्गठन होता है, लेकिन विधानसभा चुनाव के कारण यह प्रक्रिया समय पर नहीं हो सकी। संगठनात्मक पुनर्गठन की पूरी प्रक्रिया में एक से डेढ़ माह का समय लग जाएगा, जिसमें 14 जिले, 258 मंडल और 13,035 बूथ समितियों का गठन होगा। इसी तरह, प्रदेश संगठन के साथ विभिन्न समितियों का भी गठन होगा।
‘अब वर्ष 2027 में पंजाब भी होगा आप-दा से मुक्त’
दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने कहा कि दिल्ली के बाद अब 2027 में पंजाब भी आप-दा मुक्त होगा। यही डर है, जिसके चलते अरविंद केजरीवाल पंजाब में डेरा डालने की तैयारी कर रहे हैं।
सचदेवा ने कटाक्ष किया कि जब रविवार को केजरीवाल और पंजाब के मुख्यमंत्री नशे व भ्रष्टाचार पर बोल रहे थे और पंजाब के लोगों से मोहलत मांग रहे थे। तब दोनों खुद भी जान रहे थे कि सुनने वाले उन पर हंस रहे हैं।
वहीं, पंजाब के लोग 2021 के दोनों के वे भाषण याद कर रहे थे, जिसमें दोनों पंजाब के लोगों से सत्ता में आने के छह माह में राज्य को नशा व भ्रष्टाचार मुक्त करने का वादा कर रहे थे।