उत्तराखंड बीजेपी को जल्द मिलेगा नया प्रदेश अध्यक्ष, विधायक विनोद चमोली-खजानदास समेत इन नेताओं के बीच रेस

उत्तराखंड बीजेपी को जल्द ही नया प्रदेश अध्यक्ष मिलेगा। बीजेपी की ओर से नए प्रदेश अध्यक्ष के चयन को लेकर तैयारियां भी शुरू हो गईं हैं। राजनैतिक सूत्रों की बात मानें तो उत्तराखंड बीजेपी के नया प्रदेश अध्यक्ष बनने के लिए कई नेताओं के बीच रेस चल रही है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से लेकर भाजपा हाईकमान पर नेता अपनी-अपनी सोर्स लगाने में जुटे हुए हैं। उत्तराखंड बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट का कार्यकाल समाप्त होने वाला है और उम्मीद जताई जा रही है कि मार्च महीने के आखिर तक उत्तराखंड में नए प्रदेश अध्यक्ष के नाम का ऐलान हो सकता है।
विदित हो कि बीजेपी ने उत्तराखंड में 19 में से 18 जिलाध्यक्षों का ऐलान सोमवार को कर दिया था। इसके साथ ही उत्तराखंड प्रदेश अध्यक्ष के चुनाव की प्रक्रिया भी शुरू हो गई है। पार्टी के चुनाव अधिकारी अब जल्द ही प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए चुनाव की तिथियों का ऐलान करेंगे। माना जा रहा है कि इसी महीने पार्टी को नया अध्यक्ष मिल जाएगा।
भाजपा ने पिछले साल अक्तूबर में संगठनात्मक चुनावों की प्रक्रिया नए सदस्य बनाने के अभियान के साथ शुरू की थी। उसके बाद मंडल अध्यक्ष और अब जिलाध्यक्षों के चयन की प्रक्रिया पूरी हो गई है। अब नव नियुक्त जिलाध्यक्ष व प्रांतीय परिषद सदस्यों की ओर से नए प्रदेश अध्यक्ष का चुनाव किया जाएगा।
पार्टी के भीतर पिछले काफी समय से नए प्रदेश अध्यक्ष के रूप में कई नामों की चर्चा चल रही है। इनमें मौजूदा अध्यक्ष महेंद्र भट्ट को दोबारा जिम्मेदारी मिलने की संभावना के साथ ही प्रदेश महामंत्री आदित्य कोठारी, विधायक खजानदास, ज्योति प्रसाद गैरोला, विनोद चमोली आदि के नाम प्रमुख हैं।
उधर, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने पार्टी के सभी नए जिलाध्यक्षों को बधाई दी है। उन्होंने कहा कि उनके नेतृत्व में पार्टी 2027 के विधानसभा समेत सभी चुनावों में विजय हासिल करेगी।