दिल्ली में पसीने छुड़ाने वाली गर्मी, 6 दिन में ही पारा लगाएगा बड़ी छलांग

दिल्ली में होली से पहले सर्दी की विदाई होने जा रही है। अगले कुछ दिनों में मौसम में तेजी से बदलाव की भविष्यवाणी की गई है और तापमान 33 डिग्री तक पहुंच जाएगा। मौसम विभाग के अनुमान के मुताबिक राजधानी में अगले 6 दिनों में ही तापमान में करीब करीब 6 डिग्री का उछाल आने वाला है। न्यूनतम और अधिकतम दोनों तापमान में तेजी से वृद्धि होगी।
मौसम विभाग ने एक सप्ताह का जो अनुमान जारी किया है उसके मुताबिक 5 मार्च को दिल्ली का न्यूनतम तापमान 11.8 डिग्री रहेगा तो अधिकतम तापमान 25-27 डिग्री रहने की संभावना है। बुधवार को 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक की स्पीड से हवा चल सकती है। बुधवार से अगले मंगलवार तक हर दिन तापमान में वृद्धि दिख रही है। गुरुवार को अधिकतम तापमान 28-30 डिग्री तक जाने की संभावना है जबकि न्यूनतम तापमान भी 12-14 डिग्री रहने की उम्मीद है। 7 मार्च के लिए भी यही अनुमान है।
8 मार्च को तापमान में और तेजी आएगी और अधिकतम तापमान 30-32 डिग्री तक पहुंच सकता है। न्यूनतम तापमान भी 14-16 डिग्री तक रहेगा। 9 मार्च को अधिकतम तापमान 30-32 पर ही स्थिर रहेगा तो अधिकतम तापमान बढ़कर 15-17 डिग्री तक पहुंचने की संभावना है। 10 मार्च को अधिकतम तापमान जहां 31-33 डिग्री हो जाएगा तो न्यूनतम 16-18 रहने की उम्मीद है। वहीं, 11 मार्च के लिए भी यही अनुमान है। इस लिहाज से 5 से 10 मार्च के बीच अधिकतम और न्यूनतम तापमान में 6 डिग्री का इजाफा होगा।
दिल्ली में 5-6 मार्च के लिए जहां 27.4 डिग्री अधिकतम और 13.4 डिग्री सामान्य तापमान है। वहीं, 7 से 11 मार्च के बीच 28.4 अधिकतम और 14 डिग्री न्यूनतम सामन्य है। लेकिन 7 से 11 के बीच अधिकतम तापमान 31-33 डिग्री रहने की संभावना जताई गई है जो कि सामान्य से अधिक है। मौसम विभाग की ओर से यह भी बताया गया है कि 5 मार्च को जहां आसमान पूरी तरह साफ रहेगा तो इसके बाद 6 से 11 मार्च के बीच आसमान में आंशिक तौर पर बादल रह सकते हैं। हवा की रफ्तार गुरुवार से घट जाएगी।