रेपकांड में पीड़िता की मां से 3.20 लाख की ठगी, भीम आर्मी नेता के खिलाफ केस दर्ज

बहादराबाद क्षेत्र में सामूहिक दुष्कर्म के बाद किशोरी की हत्या के मामले में आरोपियों को कड़ी सजा दिलाने की बात कहकर उसकी मां से 3.20 लाख रुपये की ठगी कर ली गई। पीड़ित परिवार को सरकारी की ओर से सहायता राशि मिली थी। महिला की तहरीर पर पुलिस ने भीम आर्मी के नेता के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पुलिस ने बताया कि 24 जून 2024 को बहादराबाद थाना क्षेत्र के एक गांव में 13 वर्षीय किशोरी का शव बरामद हुआ था। पुलिस की जांच में सामने आया कि पीड़िता के साथ सामूहिक दुष्कर्म के बाद उसकी हत्या कर दी गई थी। इस वीभत्स कांड में पुलिस ने किशोरी के प्रेमी सहित कुल सात आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। इस मामले में सरकार की ओर से मृतका की मां को मुआवजे के रूप में करीब आठ लाख की सहायता राशि दी गई।
आरोप है कि भीम आर्मी नेता नीरज ने मृतका की मां को भरोसा दिलाया कि दोषियों को कड़ी सजा दिलाई जाएगी। आरोप है कि उसने झांसा देकर पीड़िता की मां से 3.20 लाख रुपये ठग लिए। आरोप है कि महिला ने रकम वापस मांगी तो उसे धमकी दी गई। थानाध्यक्ष नरेश राठौड़ ने बताया कि महिला की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
महिला का वीडियो आया सामने
हरिद्वार। मुकदमा दर्ज होने के बाद मृतका की मां का एक कथित वीडियो सामने आया है। इसमें वह ठगी की बात से इन्कार कर रही है। वीडियो में महिला यह कहती सुनाई दे रही है कि एक युवक उसे पुलिस चौकी बुलाकर ले गया था। जहां कागज पर साइन कराए गए थे। बाद में उसे पता चला कि उसकी ओर से मुकदमा दर्ज कराया गया है। हिन्दुस्तान इस तरह के किसी वीडियो और उसकी सत्यता की पुष्टि नहीं करता।