उत्तराखंड में फिर बदला मौसम, दून समेत इन जिलों में बारिश और बर्फबारी के लिए येलो अलर्ट जारी

उत्तराखंड में बुधवार से मौसम में बदलाव होगा। दून समेत दस जिलों में बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा 27, 28 फरवरी और एक मार्च को प्रदेशभर में बारिश एवं बर्फबारी होने की संभावना है। 28 फरवरी के लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है।
कई सालों बाद फरवरी आखिरी में इस तरह का मौसम होने जा रहा है। इससे सर्दी बढ़ने और तापमान गिरने की संभावना है। मौसम निदेशक डॉ. बिक्रम सिंह ने बताया कि मंगलवार को प्रदेश के अधिकांश इलाकों में धूप खिली रही, कुछ इलाकों में बादल छाए रहे और पहाड़ी इलाकों समेत दून और मसूरी में बूंदाबांदी हुई।
दून में तापमान सामान्य से दो डिग्री ज्यादा 26.4 डिग्री दर्ज किया गया। बताया कि बुधवार को देहरादून, उत्तरकाशी, टिहरी, रुद्रप्रयाग एवं चमोली में मध्यम से भारी बारिश और हरिद्वार, पौड़ी, बागेश्वर, पिथौरागढ़ और अल्मोडा जिलों में हल्की बारिश होने की संभावना है।
अन्य जिलों में मौसम शुष्क रहेगा। इसके अलावा 27 से प्रदेशभर में बारिश, ओलावृष्टि और 2500 मीटर ऊंचाई पर बर्फबारी हो सकती है। 28 फरवरी को भारी बारिश और बर्फबारी का रेड अलर्ट रहेगा। सभी जिलों को विशेष अलर्ट जारी कर दिया गया है।
अल्मोड़ा में बदला मौसम का मिजाज, बारिश के आसार
अल्मोड़ा में बीते कुछ दिनों से राहत के बाद एकाएक अल्मोड़ा के मौसम का मिजाज बदल गया है। बुधवार को सुबह से ही आसमान में बादल छाए रहे। इससे एक बार फिर लोगों को ठंड का एहसास हुआ। सुबह के समय हल्की बूंदबांदी ने तापमान को गिरा दिया।
हालांकि इसके बाद बारिश नहीं हुई, लेकिन लोगों की दिनचर्या प्रभावित हो गई। लोगों ने ठंड के बीच घरों से बाहर निकलने में परहेज किया। बुधवार सुबह नगर का तापमान पांच डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया जो अन्य दिनों की अपेक्षा दो डिग्री कम रहा।
चम्पावत में बादल छाने से तापमान में गिरावट
चम्पावत में मौसम का मिजाज एक बार फिर बिगड़ गया। यहां बीते रात से छाए बादलों की वजह से तापमान में गिरावट आ गई। इससे लोगों की दुश्वारियों में इजाफा हो गया।
चम्पावत में बुधवार को मौसम में तब्दीली आ गई। यहां मंगलवार-बुधवार रात से आसमान में बादल छाने शुरू हो गए थे। रात में बादल छाने से हालांकि पाला नहीं गिरा। लेकिन तड़के से तापमान में गिरावट जरूर आ गई। बादल छाने से बारिश की संभावना बन रही है।
ठंड से बचने के लिए लोगों ने गर्म कपड़ों का सहारा लिया। जिला आपदा नियंत्रण कक्ष से मिली जानकारी के मुताबिक बुधवार को चम्पावत का न्यूनतम तापमान 8.00 डिग्री और अधिकतम 18 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।