पीएम के बाद राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मु पहुंचीं बागेश्वर धाम, 251 कन्याओं को दिया आशीर्वाद

राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मु आज मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले स्थित बागेश्वर धाम परिसर में 251 कन्याओं के सामूहिक विवाह समारोह में शिरकत करने आई हैं। यह आयोजन धाम के प्रमुख पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की ओर से आयोजित किया गया है। आपको बता दें कि बागेश्वर धाम में इन दिनों विशेष आयोजन चल रहा है। दो दिन पहले यहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कैंसर अस्पताल की आधारशिला रखी थी।
251 कन्याओं के सामूहिक विवाह महोत्सव
आधिकारिक जानकारी के अनुसार श्रीमती मुर्मु गढ़ा ग्राम स्थित बागेश्वर धाम में आयोजित बुंदेलखंड का महाकुंभ एवं 251 सामूहिक कन्या विवाह महोत्सव में उपस्थित रहीं। इस दौरान मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव और भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवं स्थानीय सांसद विष्णुदत्त शर्मा, बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री भी मौजूद रहे।
महिलाओं के सफल होने से समाज सफल होता
सामूहिक विवाह समारोह को संबोधित करते हुए मुर्मु ने देश की महिलाओं का आह्वान करते हुए कहा कि महिलाएं स्वयं को शिक्षित और आत्मनिर्भर बनाने के निरंतर प्रयास करती रहें क्योंकि महिलाओं के सफल होने से समाज सफल होता है। मुर्मु ने कहा कि वे 251 बेटियों के सामूहिक विवाह समारोह में शामिल होकर अत्यंत प्रसन्न हैं। उन्होंने कहा कि हमारा समाज प्रगति के पथ पर आगे बढ़े, उनकी यही कामना है। इसके साथ ही उन्होंने नवयुगलों को सुखमय वैवाहिक जीवन के लिए शुभकामनाएं भी दीं।
संतों ने महिला को समाज में उचित स्थान देने के प्रयास किए
राष्ट्रपति ने कहा कि ये समारोह जन सहयोग से हो रहा है और इसमें नवयुगलों को आवश्यक सामान दिया जा रहा है। ये जनकल्याण का कार्य है। आज विवाह बंधन में बंधने वाले दंपत्ति इस दिवस की स्मृतियों को संजो कर रखेंगे, ऐसा विश्वास है। भारत की परंपरा में संतों ने सदा से अपने कर्मों और वाणी से जनमानस को राह दिखाई है। समकालीन समाज में व्याप्त कुरीतियों के खिलाफ आवाज उठाई है। उन्होंने समाज में फैले अंधविश्वास के प्रति जागरुक किया है। भेदभाव को दूर किया है। संतों ने महिला को समाज में उचित स्थान देने के प्रयास किए हैं।
राष्ट्रपति को लेने पहुंचे राज्यपाल और मुख्यमंत्री
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु आज विशेष विमान से मध्यप्रदेश के खजुराहो पहुंची, जहां पर राज्यपाल मंगुभाई पटेल और मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने उनकी अगवानी की। छतरपुर जिले के खजुराहो स्थित हवाईअड्डे पर राष्ट्रपति श्रीमती मुर्मु की अगवानी के अवसर पर सेना, पुलिस और प्रशासन के अधिकारी भी मौजूद थे। इसके बाद वे हेलीकॉप्टर से छतरपुर जिले में ही गढ़ा गांव स्थित बागेश्वर धाम के लिए रवाना हो गयीं।
पीएम ने किया था कैंसर अस्पताल का शिलान्यास
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 23 फरवरी को राज्य के बुंदेलखंड क्षेत्र में छतरपुर जिला मुख्यालय से लगभग 23 किलोमीटर दूर गढ़ा स्थित बागेश्वर धाम में कैंसर अस्पताल सहित 200 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से बनने वाली स्वास्थ्य सुविधा का शिलान्यास किया था।