यमुना एक्सप्रेसवे पर ओवरलोड ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकराई कार, युवक समेत चार लोग घायल

नोएडा। जेवर कोतवाली क्षेत्र में स्थित यमुना एक्सप्रेसवे पर आगे चल रहे ओवरलोड ट्रैक्टर-ट्रॉली से पीछे से एक कार तेजी से टकरा गई। इस भीषण हादसे में कार के चालक समेत दोनों वाहनों में सवार चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। साथ ही ट्रैक्टर के भी दो हिस्से हो गए। वहीं, कार भी बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को ग्रेटर नोएडा के अस्पताल में भर्ती कराया है।
पुलिस का कहना है कि इस बारे में अभी भी किसी भी पक्ष की तरफ से कोई शिकायत पुलिस को नहीं दी गई है। जानकारी के मुताबिक, आगरा की तरफ से यमुना एक्सप्रेसवे पर एक ओवरलोड ट्रैक्टर-ट्रॉली ईटों से भरकर नोएडा की तरफ जा रहा था। बताया जाता है कि जब जेवर टोल प्लाजा से कुछ पहले ट्रैक्टर ट्राली पहुंचे। उसी दौरान एक ओरा कार ट्रैक्टर-ट्रॉली से पीछे से जोरदार तरीके से भिड़ गई। पुलिस का कहना है कि ट्रैक्टर चालक दूसरी लाइन पर ट्रैक्टर को ले जा रहा था। जिसके चलते ही यह भीषण हादसा हुआ है।
इस हादसे में राजस्थान निवासी कार के चालक चिरंजीव समेत ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार 4 लोग घायल हो गए। साथ ही ट्रैक्टर भी टूटकर बीच से दो हिस्सों में हो गया। पुलिस ने सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया है। इस हादसे में ट्रैक्टर-ट्राली में भारी ईंट बिखर जाने से लोगों को परेशानी हुई। बाद में पुलिस द्वारा सभी को हटा दिया गया। यमुना एक्सप्रेसवे पर चलने वाले लोगों का कहना है कि ट्रैक्टर ट्रॉली पर रोक लगी होने के बावजूद भी विभाग के अधिकारियों के अनदेखी के चलते इस पर बेखौफ होकर दौड़ते हैं। जिसके चलते पिछले कुछ महीनो में कई भीषण हादसे ट्रैक्टर-ट्रॉली की वजह से हुए है। उसके बावजूद भी कार्रवाई नहीं की जाती है। कोतवाली प्रभारी जेवर संजय सिंह का कहना है घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस बारे में अभी कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है।