कुमाऊं के लिए दीपावली की सौगात है लालकुआं-बांद्रा सुपरफास्ट, लंबे समय से हो रही थी मांग

लालकुआं-बांद्रा सुपरफास्ट एक्सप्रेस रेलगाड़ी के संचालन से क्षेत्रवासियों में खुशी की लहर है। लालकुआं में एशिया की प्रमुख पेपर मिल होने के साथ ही कुमाऊं के अधिकतर युवा रोजगार के लिए मुंबई में प्रवास करते हैं। यही कारण है कि क्षेत्रवासी लंबे समय से मुंबई के लिए रेलगाड़ी चलाने की मांग कर रहे थे। अब यह ट्रेन शुरू हो गई है तो स्थानीय लोग, व्यापारियों ने इसे बड़ा कदम बताया है। कहा है कि धामी सरकार की पहल से उन्हें ट्रेन के रूप में दीपावली का तोहफा मिला है।

मुबई देश की आर्थिक राजधानी है। इस कारण वहां तक कुमाऊं के व्यापारियों का आवागमन रहता है। इसके अलावा कुमाऊं के अधिकतर युवा रोजगार के लिए मुंबई में रहते हैं। पिछले कुछ समय में उत्तराखंड में फिल्म उद्योग भी तेजी से बढ़ा है। यहां के कई कलाकार मुंबई तक अपनी छाप छोड़ चुके हैं। मुंबई से भी फिल्म निर्देशक, अभिनेता नैनीताल समेत कुमाऊं के अन्य जगहों पर फिल्म की शूटिंग के लिए आ रहे हैं। ऐसे में लोग मुंबई के लिए ट्रेन चलाने की मांग कर रहे थे।

लालकुआं से बांद्रा के बीच सुपरफास्ट एक्सप्रेस की गई शुरू

यह मांग मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी तक पहुंची तो उन्होंने भी इसकी जरूरत को देखते हुए लालकुआं-बांद्रा के बीच रेलगाड़ी संचालन के लिए विशेष प्रयास शुरू किए। सांसद अजय भट्ट व विधायक डॉ. मोहन सिंह बिष्ट ने भी कई बार मुख्यमंत्री व रेलमंत्री से रेलगाड़ी के संचालन के लिए मांग की थी। इसके बाद रेल मंत्रालय द्वारा सोमवार को लालकुआं से बांद्रा के बीच सुपरफास्ट एक्सप्रेस शुरू की गई है।

सेंचुरी पेपर मिल के हजारों कर्मचारियों को म‍िलेगा लाभ

इस रेलगाड़ी के शुरू होने से एशिया की प्रमुख पेपर मिलों में शुमार सेंचुरी पेपर मिल के हजारों कर्मचारियों को काफी लाभ मिलेगा। इसके अलावा कुमाऊं में आने वाले पर्यटकों को सुविधा मिलेगी। और राज्य के पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा।

मुंबई के लिए हो गई तीन ट्रेनें

लालकुआं-बांद्रा रेल सेवा शुरू होने से बाबा कैंची धाम, जागेश्वर और अन्य धार्मिक स्थलों के दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं के लिए यात्रा आसान हो जाएगी। इससे पहले रामनगर, हल्द्वानी से मुंबई के लिए ट्रेन सेवा थी। अब लालकुआं से भी ट्रेन चलने से पर्यटन को और विस्तार मिलेगा।

Back to top button

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker