अंधेरी इलाके के खुले मेनहोल में गिरने से महिला को मौत

देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में बुधवार की शाम से तेज बारिश हो रही है। तेज वर्षा की वजह से शहर में लोगों का जनजीवन बेहाल हो चुका है। वहीं, बारिश की वजह से एक महिला की मौत हो गई है। दरअसल, बारिश और जलभराव की वजह से अंधेरी इलाके में एक महिला, विमल अनिल गायकवाड़ खुले मेनहोल में गिर गई।

नाले में 100 मीटर तक बह गई थी महिला

महिला को बाहर निकालने के लिए एक घंटे का सर्च ऑपरेशन भी चलाया गया। महिला मेनहोल में करीब 100 मीटर तक बह गई थी। काफी मशक्कत के बाद विमल को निकाला गया। 45 वर्षीय महिला को कपूर अस्पताल ले जाया गया,जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

बीएमसी ने दिए जांच के आदेश

महिला की मौत के बाद बृहन्मुंबई नगर निगम (बीएमसी) ने कहा कि उप नगर आयुक्त (जोन 3) देवीदास क्षीरसागर की अध्यक्षता वाली तीन सदस्यीय समिति तीन दिनों के भीतर घटना पर अपनी रिपोर्ट सौंपेगी। गुरुवार को बीएमसी ने एक विज्ञप्ति जारी की यह जानकारी दी।

Back to top button