दिल्ली में गर्मी से 24 घंटे में 13 लोगों की मौत, पढ़ें खबर…

राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में बुधवार की रात हल्की वर्षा और सुबह आकाश में हल्के बादल छाए होने से लू से थोड़ी राहत है, लेकिन इस राहत से पहले इस बार भीषण गर्मी दिल्ली के लोगों पर कहर बनकर टूटी है। स्थिति यह है कि सफदरजंग अस्पताल में लू के कारण 24 घंटे में 13 लोगों की मौत गई, जो इस अस्पताल में एक दिन में सबसे अधिक है।

इस वजह से इस अस्पताल में पिछले एक माह में लू से मरने वालों की संख्या 19 हो गई है। अस्पताल प्रशासन के अनुसार, पिछले 24 घंटे में लू लगने से 33 मरीज भर्ती कराए गए, जिसमें ज्यादातर बुजुर्ग व बाहर काम करने वाले लोग हैं।

आरएमएल सहित अन्य अस्पतालों में भी काफी संख्या में लू से पीड़ित लोग भर्ती कराए गए हैं। केंद्रीय टीम ने अस्पतालों की इमरजेंसी में किया निरीक्षण लू के कारण अस्पतालों की इमरजेंसी में मरीजों का दबाव बढ़ गया।

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की टीम ने किया निरीक्षण

इस बीच बृहस्पतिवार सुबह केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की टीम एम्स, सफदरजंग, आरएमएल व लेडी हार्डिंग मेडिकल कॉलेज के अस्पताल की इमरजेंसी में पहुंची। केंद्रीय टीम ने अस्पतालों की इमरजेंसी में चिकित्सा सुविधाओं का निरीक्षण किया। साथ ही लू से पीड़ित होकर पहुंचने वाले मरीजों व मृतकों की भी जानकारी ली।

सरकारी अस्पतालों में भर्ती हैं 118 मरीज

दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सौरभ भारद्वाज ने कहा, “पिछले दिनों तापमान 52 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है और यह पिछले 60 वर्षों में सबसे अधिक है। रात का तापमान भी 38 डिग्री सेल्सियस रहा। उत्तर भारत में हीटवेव से पीड़ित लोगों की संख्या में वृद्धि हुई है। 310 लोगों को सरकारी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। 112 को छुट्टी दे दी गई है। 118 अभी भी भर्ती हैं और 14 की मौत हो गई है।”

उल्लेखनीय है कि एनसीआर में बीते 48 घंटों में 226 लोगों की मौत हुई है। वहीं, दिल्ली में 138 लोगों की मौत हुई। हालांकि, दिल्ली स्वास्थ्य विभाग के सूत्रों ने लू लगने से 22 लोगों की ही मौत की पुष्टि की है।

मौसम की करवट से दिल्ली को मिली कुछ राहत

बुधवार देर रात मौसम के करवट लेने से चली आंधी और कहीं-कहीं हुई हल्की वर्षा का असर दिल्ली में गुरुवार सुबह साफ नजर आया। भीषण गर्मी से दिल्लीवासियों को थोड़ी ही सही, लेकिन राहत मिली। आज सुबह से ही मौसम के मिजाज में कुछ राहत देखने को मिल रही है। कई जगह सुबह भी बूंदाबांदी हुई।

इसी का असर है कि कल के मुकाबले आज के न्यूनतम तापमान में छह डिग्री की गिरावट दर्ज की गई है। कल  35.2 डिग्री था, जबकि आज रिकॉर्ड किया गया 29.7 डिग्री सेल्सियस। कल सामान्य से आठ डिग्री अधिक था जबकि आज दो डिग्री अधिक रहा।

मौसम विभाग के मुताबिक दिन में भी आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार वाली हवा के साथ धूलभरी आंधी चलने, गर्जन वाले बादल बनने, बिजली चमकने और हल्की वर्षा होने के आसार हैं। अधिकतम तापमान 42 डिग्री रह सकता है। मौसम विभाग ने येलो अलर्ट भी जारी किया है।

Back to top button

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker