दिल्ली समेत देश के कई राज्यों में भीषण गर्मी का कहर, मौसम विभाग ने हीटवेव चलने की जताई आशंका

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली समेत देश के कई राज्यों में लोग लू के थपेड़े और चिलचिलाती गर्मी (Heat Wave in Delhi) से परेशान हैं। मौसम विभाग (IMD) ने 16 जून तक उत्तर प्रदेश, हरियाणा, पंजाब, दिल्ली और झारखंड के कुछ इलाकों में हीटवेव चलने की आशंका जताई है।

दिल्ली में 18 जून तक लू चलने की चेतावनी जारी की गई है। हालांकि, देश के कई राज्यों में दक्षिण-पश्चिम मानसून ने दस्तक दे दी है। आइए जानें कि किन राज्यों में मानसून की एंट्री हो चुकी है और उत्तर भारत समेत अन्य राज्यों में कब तक मानसून के बादल पहुंचेंगे।

किन-किन राज्यों में मानसून ने दी दस्तक?

केरल और पूर्वोत्तर क्षेत्र में मानसून ने 30 मई को दस्तक दी थी। केरल के कोट्टायम जिले के कई हिस्सों में मानसून की पहली बारिश दर्ज की गई है। पिछले 10 वर्षों के दौरान यह चौथी बार है, जब मानसून अपने पूर्वानुमान से पहले आया है। इसके बाद महाराष्ट्र में भी मानसून ने समय से पहले दस्तक दे दी। रविवार को मुंबई में जमकर बारिश हुई।

इन राज्यों में समय से पहले मानसून की हुई एंट्री

महाराष्ट्र के बाद 11 जून को गुजरात में मानसून का आगमन हुआ। दक्षिण गुजरात में नवसारी और वलसाड में मानसून की पहली बारिश हुई। अगले पांच दिनों तक राज्य के दक्षिणी हिस्सों बारिश का अनुमान है। गुजरात में भी समय से पहले मानसून की एंट्री हुई है। हालांकि, मानसून को पूरे राज्य तक पहुंचने में एक हफ्ते का समय लग सकता है।

मध्य प्रदेश में कब पहुंचेगा मानसून?

मध्य प्रदेश के लोगों को मानसून के लिए कम से कम एक हफ्ते का इंतजार करना होगा। आईएमडी ने अनुमान जताया है कि 20 जून तक मानसून राज्य में दस्तक दे सकता है। वहीं, 25 जून तक मानसून पूरे राज्य को कवर कर सकता है। ‘

बारिश के लिए तरस रहे बिहार-झारखंड के लोग

बिहार, झारखंड और उत्तर प्रदेश के लोगों को उम्मीद थी कि राज्य में समय पर मानसून की एंट्री हो जाएगी, लेकिन बंगाल की खाड़ी शाखा लगातार दूसरे साल कमजोर है। परिणाम स्वरूप इन राज्यों में मानसून ने अभी तक दस्तक नहीं दी है। बता दें कि भारत में मानसून की दो शाखाएं हैं। एक बंगाल की खाड़ी शाखा। दूसरी अरब सागर की शाखा, जो मजबूती से गुजरात की ओर बढ़ रहा है।

मौसम विभाग के मुताबिक, मानसून के बिहार और झारखंड में 16-18 जून तक, उत्तर प्रदेश में 20-30 जून तक और दिल्ली में 27 जून के आसपास पहुंचने की उम्मीद है।

दिल्ली में कब होगी मानसून की एंट्री?

दिल्ली-एनसीआर में 29 जून के बाद मानसून पहुंचने की उम्मीद जताई गई है। मौसम विभाग ने बुधवार को दिल्ली में अगले सात दिनों तक के लिए हीटवेव का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

कब होगी पहाड़ी राज्यों में बारिश?

बात करें पश्चिमी भारत की तो राजस्थान और उत्तराखंड में 25 जून के बाद ही मानसून का आगमन होगा। वहीं, कश्मीर में मानसून की बारिश भी 25 जून के बाद ही हो सकती है।

इन राज्यों में अगले तीन दिनों तक बारिश की उम्मीद

भारतीय मौसम विभाग ने आज जानकारी दी कि अगले तीन दिनों तक महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़, ओडिशा, तटीय आंध्र प्रदेश और असम, सिक्किम समेत 12 राज्यों में बारिश की आशंका है। 

Back to top button

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker