यूपी: हीटवेव की चपेट में यूपी के कई जिले, इस दिन बारिश से मिलेगी राहत 

यूपी के कई जिले हीट वेव की चपेट में हैं। रह-रह कर बदल रहे मौसम के मिजाज से थोड़ी राहत जरूर मिल रही लेकर इसके साथ ही कुछ जगहों पर बढ़े तापमान और तीखी धूप के चलते लोगों का हाल बेहाल है। पश्चिमी विक्षोभ के चलते भी मौसम में बदलाव दिख सकता है। मौसम विज्ञानियों के मुताबिक फिलहाल पूरे यूपी में मौसम शुष्‍क रहने की संभावना है। चार मई तक मौसम ऐसा ही रह सगता है। पांच मई को पश्चिमी यूपी में मौसम बदल सकता है। इस दिन एक या दो स्‍थानों पर बारिश और गरज के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। 

दो दिन बाद ही सोमवार को दूसरी बार सीजन का सबसे गर्म दिन रहा। 26 अप्रैल को  प्रयागराज का अधिकतम तापमान 44.02 डिग्री सेल्सियस था। उसी तरह एक बार फिर वही गर्मी दोबारा झुलसा गई। 25 से 35 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से गर्म हवाएं चलीं। गर्म हवाओं के चलते बदन झुलसता रहा। फुटपाथ पर लगी दुकानें चादरों में सिमट गईं। बेल, आम का पना, लस्सी, कुल्फी, खीरा, गन्ने के रस के ठेलों पर लोग अपनी बारी का इंतजार करते रहे। लू के थपेड़ों से बचने के लिए लोग गमछा, दुपट्टा, रुमाल से चेहरा ढकने का जतन करते नजर आए। पछुआ हवाओं से साथ सिविल लाइंस की सड़कों पर हुई खोदाई से धूल उड़ रही थी। तपन के कारण शाम पांच बजे तक हाथी पार्क, चंद्रशेखर आजाद पार्क, मिंटो पार्क, पीडी टंडन पार्क, खुसरोबाग में लोग टहलने नहीं पहुंचे। दिन चढ़ने के साथ तपिश के कारण जनजीवन अस्त-व्यस्त रहा। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, पांच मई तक मौसम शुष्क रहने की संभावना है।

शुष्क रहेगा मौसम 

आज पूरे यूपी में मौसम शुष्‍क बने रहने की संभावना है। कानपुर में हीट वेव से जनजीवन प्रभावित होने लगा है। सोमवार को अधिकतम तापमान 43.3 डिग्री सेल्सियस चला गया। यह पारा दोपहर में ठीक 12 बजे का है। 30-35 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से लू चली। लू-धूप में चलने वालों के चेहरे सुर्ख पड़ गए। यह स्थिति तब रही जब दिन में हल्के बादल छाए हुए थे। मौसम विभाग का कहना है कि अगले 48 घंटों तक हीट वेव बनी रहेगी। रेड अलर्ट जारी किया गया है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के आंचलिक केंद्र के आंकड़ों के अनुसार कानपुर का अधिकतम तापमान 43.3 डिग्री पहुंच गया। रात का पारा 23.7 डिग्री सेल्सियस रहा। सीएसए के वेदर स्टेशन पर अधिकतम तापमान 41.8 और न्यूनतम 20.8 डिग्री रहा।

डायरिया और हीट स्ट्रोक का प्रकोप

गर्मी बढ़ने से सेहत में तेजी से गिरावट आ रही है। खासकर डायरिया और हीट स्ट्रोक के मरीजों में इजाफा हो रहा है। कानपुर के हैलट हॉस्पिटल की ओपीडी में सोमवार को 40 से 50 मरीज डायरिया के आए। इनमें से चार को भर्ती किया गया। वहीं हीट स्ट्रोक के भी दो दर्जन से अधिक बीमार इलाज को पहुंचे।

Back to top button

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker