महिलाएं संख्या में कम पर मतदान में पुरुषों से अधिक, लोकसभा चुनाव में यहां हुई बंपर वोटिंग

लोकसभा चुनाव 2024 में वोटर लिस्ट में पुरुषों के मुकाबले कम होने के बावजूद, उत्तराखंड की महिलाओं ने मतदान में पुरुषों को पछाड़ दिया है। पूरे प्रदेश में पुरुषों का मतदान आंकड़ा 55.97 प्रतिशत रहा, जबकि महिलाओं का मत प्रतिशत 58.59 तक पहुंच गया है।

देहरादून जिले में 8,68,254 मतदाताओं ने मताधिकार का प्रयोग किया। जिसमें 55.33 प्रतिशत पुरुष और 56.24 प्रतिशत महिलाओं ने मतदान किया। निर्वाचन आयोग के मुताबिक राज्य में पंजीकृत मतदाताओं की संख्या 83.37 लाख है।

रविवार शाम तक के आंकड़ों के अनुसार इसमें से 47.72 लाख मतदाताओं ने मताधिकार का प्रयोग किया। इस तरह कुल मतदान प्रतिशत 57.24 के करीब पहुंच पाया है। इसमें भी महिला पुरुषों के मत प्रतिशत में साफ तौर पर अंतर नजर आ रहा है।

आकड़ों के मुताबिक पंजीकृत 43,17,580 पुरुषों में से 24,16,748 ने मताधिकार का प्रयोग किया, इस तरह पुरुषों का मत प्रतिशत 55.97 तक ही पहुंच पाया है, जबकि कुल पंजीकृत 40,20,039 महिला मतदाताओं में से 23,55,649 ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया, इस तरह महिलाओं का मत प्रतिशत पुरुषों से 2.62 प्रतिशत अधिक है।

देर शाम के आंकड़ों के मुताबिक गढ़वाल और अल्मोड़ा संसदीय क्षेत्र में तो महिलाओं ने प्रतिशत ही नहीं बल्कि कुल संख्या के मामले में भी पुरुषों को पछाड़ा है। पुरुषों के मुकाबले गढ़वाल में 41,840 ,अल्मोड़ा में 42,862 ज्यादा महिलाओं ने वोट दिए है। यह स्थिति तब है जबकि प्रदेश की सभी संसदीय क्षेत्रों में महिला मतदाताओं की संख्या पुरुषों के मुकाबले कम है।

लोकसभा सीट वार विवरण

लोकसभा पुरुष महिला कुल मतदान
टिहरी 427234 420964 848212
गढ़वाल 337993 379833 717834
अल्मोड़ा 305516 348378 653896
नैनीताल 655767 603394 1259180
हरिद्वार 690238 603080 1293362
कुल 2416748 2355649 4772484

Back to top button

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker