महाराष्ट्र में फिर बढ़ेगा तापमान, मौसम विभाग ने चेतावनी की जारी

देश के अन्य राज्यों में जहां गर्मी अपना विकराल रूप दिखा रही है, वहीं महाराष्ट्र में बीते कुछ दिनों से लगातार बारिश की स्थिति बनी हुई है। राज्य में बेमौसम बारिश हुई है। जिसके चलते विदर्भ, मराठवाड़ा, मध्य महाराष्ट्र में फसलों को भारी नुकसान हुआ है। भारतीय मौसम विज्ञान (आईएमडी) ने आज भी प्रदेश के कई जिलों में बारिश के चलते येलो अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा तेज हवाएं चलने की भी संभावना जताई जा रही है। वहीं मौसम विभाग ने चेतावनी जारी की है कि महाराष्ट्र में तापमान फिर से बढ़ने के आसार हैं।

इन जिनों में आईएमडी का येलो अलर्ट

मौसम विभाग की मानें तो मराठवाड़ा में लातूर, बीड, नांदेड़, परभणी, जालना, हिंगोली और विदर्भ में बुलढाना, यवतमाल, अकोला, वाशिम, अमरावती, नागपुर जिलों में आज बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक, राज्य में आज मराठवाड़ा और अगले तीन दिनों तक विदर्भ में गरज और बिजली के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।

मौसम विभाग के अनुसार महाराष्ट्र में अब बारिश की स्थिति स्थिर हो जाएगी और धीरे-धीरे गर्मी बढ़ेगी। गर्मी बढ़ने से राज्य में लू चलने जैसी स्थिति फिर से कामय हो जाएगी। मौसम विभाग की मानें तो कल से अधिकांश राज्यों में शुष्क मौसम रहेगा। मुंबई समेत मराठवाड़ा और पश्चिम महाराष्ट्र में अगले कुछ दिनों में तापमान बढ़ेगा। वहीं इसी बीच पुणे में तापमान 40 के पार पहुंच गया है।

मुंबई में बढ़ेगा तापमान

मुंबई और उपनगरों में भी तापमान बढ़ेगा। मुंबई में गर्मी बढ़ने के कारण नागरिकों को बाहर निकलते समय सावधान रहने की चेतावनी दी गई है। दिन के दौरान शुष्क मौसम बना रहेगा और आसमान साफ ​​रहेगा। पुणे और आसपास के इलाकों में आसमान ज्यादातर साफ रहेगा। दोपहर या शाम को आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। अगले कुछ दिनों में अधिकतम तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी होने की संभावना है। फिलहाल पुणे में तापमान 40 तक चला गया है। रविवार को तापमान 39.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।

Back to top button

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker