उत्तराखंड में दून समेत कई जगहों पर बारिश, तापमान में पांच डिग्री तक की गिरावट

उत्तराखंड में रविवार को बादल छाए रहे। दून समेत कई जगहों पर बूंदाबांदी हुई। जिस वजह से तापमान में पांच डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई। अप्रैल के महीने में मौसम सुहावना हो गया।

मौसम विभाग के मुताबिक दून में अधिकतम तापमान 30.3, पंतनगर में 31.2, मुक्तेश्वर में 20.4, नई टिहरी में 21.1 डिग्री दर्ज किया गया। जबकि शनिवार को क्रमश 35, 36, 22 और 24 डिग्री तापमान था। मौसम निदेशक डॉ. बिक्रम सिंह के मुताबिक बादलों एवं बूंदाबांदी की वजह से तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। सोमवार को भी इसी तरह का मौसम रहेगा। तापमान 29 डिग्री तक पहुंच सकता है।

ऑरेंज अलर्ट आज बारिश-आंधी, कल से मौसम साफ

मौसम निदेशक डॉ. बिक्रम सिंह ने बताया कि नैनीताल, चम्पावत और यूएसनगर के कुछ इलाकों में हल्की बारिश, गर्जना के साथ हो सकती है। वहीं अन्य जिलों में हल्की से मध्यम बारिश और ओलावृष्टि समेत 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने की संभावना है। इसके लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

मसूरी में मौसम सुहावना, उमड़े पर्यटक, लगा जाम

मसूरी। बूंदाबांदी के बाद मसूरी में भी मौसम सुहावना हो गया। मौसम और वीकेंड के चलते बड़ी संख्या में पर्यटक पहुंचे। पर्यटकों की संख्या में इजाफा होने से लोगों को जाम की समस्या से परेशानी झेलनी पड़ी। माल रोड और किताब घर चौक पर नो पार्किंग जोन में लगे दुपहिया वाहनों के कारण सबसे ज्यादा जाम की स्थिति पैदा हो गई। होटलों में भी 70 फीसदी बुकिंग रही।

बादल छाने, हवाएं चलने से गर्मी से मिली राहत

तराई-भाबर में रविवार को मौसम ने करवट बदल ली। आसमान बादलों से घिरने के साथ ही दिन भर तेज हवाए चलीं। मौसम मिजाज बदलने से तापमान में करीब 3 डिग्री तक की गिरावट दर्ज की गई है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार सोमवार को बूंदाबांदी व हल्की बौछारें पड़ सकती हैं।

हल्द्वानी में रविवार को सुबह से ही मौसम का मिजाज बदल गया था। कई दिनों से तप रहे तराई-भाबर में आसमान में बादल छाने से धूप और बादलों की आंख मिचौली शुरू हो गई। अपराह्न के बाद शाम तक आसमान में बादल घने होते रहे।

वहीं तेज हवाएं चलने से अधिकतम तापमान 3 डिग्री लुढ़ककर 33 डिग्री पहुंच गया।। इससे कुछ दिनों से काफी गर्मी का सामना कर रहे लोगों को राहत मिली। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार सोमवार को पहाड़ी जिलों में बारिश की संभावना है। इससे तापमान में और गिरावट के आसार हैं।

नैनीताल में बादलों ने डाला डेरा

नैनीताल: सरोवर नगरी में नैनीताल में रविवार को मौसम का मिजाज बदला रहा। अधिकांश समय बादलों का घेरा आसमान में छाया रहने से गर्मी की तपिश का एहसास नहीं हुआ। मौसम विभाग ने बारिश का पूर्वानुमान जताया है।

बारिश नहीं होने के कारण झील के जलस्तर में निरंतर गिरावट दर्ज की जा रही है। रविवार को जलस्तर 3.5 फीट पहुंच गया है। जीआईसी मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार अधिकतम तापमान 23° व न्यूनतम 12° डिग्री सेल्सियस रहा। बादलों के चलते आर्द्रता में मामूली उछाल रहा।

अप्रैल मध्य में भी चकराता में पारा 12 डिग्री तक पहुंचा

चकराता क्षेत्र में मौसम के मिजाज में बदलाव का सिलसिला लगातार जारी है। एक दिन धूप निकलने के बाद दूसरे दिन मौसम खराब हो रहा है। इससे चकराता का मौसम आधा अप्रैल बीत जाने के बाद भी ठंडा बना हुआ है। रविवार को चकराता का न्यूनतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

बीते सप्ताह से चल रहा मौसम खराब होने का सिलसिला रविवार को भी जारी रहा। सुबह से ही चकराता में घने बादल छाए रहे। दोपहर बाद रुक-रुक कर बारिश भी हुई। बारिश से चकराता का मौसम भी सर्द हो गया है।

खराब मौसम के चलते चकराता के बाजार भी रविवार को सुनसान नजर आए। बिस्सू के त्योहार की खरीदारी को भी ग्राहक घरों से नहीं निकले, इससे बाजार में चहल-पहल बिल्कुल भी दिखाई नहीं दी। वहीं लगातार हो रही बारिश से क्षेत्र का अधिकतम तापमान गिरा है।

तापमान गिरकर 19 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 12 डिग्री पर आ गया। बारिश और सर्दी के चलते पूरा दिन लोगों की कंपकंपी छूटती रही। सर्दी से बचने को कई लोगों ने हीटर भी जलाए।

Back to top button

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker