पाइपलाइन वाली रसोई गैस की प्रति किलो इतनी है कीमत, मिलेगा जबरदस्त फायदा

देर से ही सही, गृहणियों के इंतजार की घड़ी जल्द खत्म होने वाली है। इसकी शुरुआत गुरुवार को उझंडी गांव निवासी विभाष कुमार सिंह की रसोई से हो जाएगी। इसके साथ ही जमुई शहर में पाइप लाइन के सहारे पीएनजी की आपूर्ति का मार्ग प्रशस्त हो जाएगा।

तब गृहणियों को सिलेंडर के झंझट से मुक्ति मिल जाएगी। इसको लेकर विधिवत तैयारी की जा रही है। प्रोजेक्ट मैनेजर प्रीतम सिंह ने बताया कि फिलहाल पीएनजी की आपूर्ति शुरू की जा रही है। गुरुवार को उझंडी में विभाष कुमार सिंह के घर से पीएनजी आपूर्ति का शुभारंभ किया जाएगा। इसके बाद होली तक 101 घरों को पीएनजी आपूर्ति सुनिश्चित करने का लक्ष्य रखा गया है।

फिलहाल 1100 घरों में पीएनजी आपूर्ति को लेकर कनेक्शन कर दिए गए हैं। 1600 कनेक्शन के लिए मीटर और रेगुलेटर लगाने के कार्य पूरे कर लिए गए हैं। हालांकि शहर में पीएनजी आपूर्ति का लक्ष्य अक्टूबर 2022 में ही था। तब जिला मुख्यालय में 6600 रसोई तक कनेक्शन पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया था।

लक्ष्य पाने में अभी भी एजेंसी को वक्त लगेगा। वैसे बताया जाता है कि मुख्य पाइपलाइन के साथ-साथ लूप लाइन का भी लगभग कार्य पूर्ण कर लिए गए हैं। सिर्फ आवेदन के अनुरूप लूप लाइन से रसोई घर तक कनेक्शन का कार्य आन डिमांड होना है।

यहां यह बताना लाजिमी है कि पाइपलाइन के जरिए पीएनजी सिलेंडर के वनिस्पत काफी सस्ता पड़ता है। बताया जाता है कि महज 618 रुपए में कनेक्शन तथा लगभग 40 रुपये प्रति किलो गैस की कीमत पड़ती है।

Back to top button

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker