पूर्व मुख्यमंत्री अशोक चव्हाण BJP में हुए शामिल, देवेंद्र फडणवीस ने किया स्वागत

महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री और दिग्गज कांग्रेस नेता रहे अशोक चव्हाण अब भाजपा में शामिल हो गए हैं। उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की उपस्थिति में उन्होंने भाजपा की सदस्यता ली। मुंबई स्थित भाजपा कार्यालय में देवेंद्र फडणवीस ने उनका स्वागत किया। इससे पहले कांग्रेस नेता बाबा सिद्दीकी ने कांग्रेस को अलविदा कहा था और वह अजित पवार की अगुआई वाली एनसीपी का हिस्सा हो गए। इस तरह मिलिंद देवड़ा के बाद कांग्रेस को दो और तगड़े झटके लग चुके हैं।
चव्हाण ने सोमवार को कांग्रेस की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया था। उन्होंने सुबह ही कहा, ”आज मेरे जीवन के एक नए राजनीतिक करियर की शुरुआत है।” पूर्व मुख्यमंत्री एस बी चव्हाण के बेटे अशोक चव्हाण (65) ने सोमवार को इस बात पर जोर दिया कि कांग्रेस छोड़ना उनका स्वतंत्र फैसला है और उन्होंने अपने इस फैसले का कोई विशेष कारण नहीं बताया।
चव्हाण मराठवाड़ा क्षेत्र के नांदेड़ जिले के रहने वाले हैं। वह 2014-19 के दौरान कांग्रेस की राज्य इकाई के प्रमुख भी थे। उन्होंने भोकर विधानसभा सीट का प्रतिनिधित्व किया था और वह नांदेड़ लोकसभा क्षेत्र से सांसद भी रह चुके हैं।
बताया जा रहा है कि बुधवार को ही अशोक चव्हाण राज्यसभा के लिए नामांकन दाखिल कर सकते हैं। माना जाता है कि अशोक चव्हाण का नांदेड़ के आसपास के विधानसभा क्षेत्रों में खासा प्रभाव है। साल 2014 में मोदी लहर होने के बावजूद उन्होंने अपनी सीट जीत ली थी। उनके पिता शंकरराव चव्हाण भी दो बार महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री रहे। 2010 में उन्होंने डेढ़ साल तक मुख्यमंत्री रहने के बाद आदर्श सोसाइटी घोटाले में नाम आने की वजह से इस्तीफा दे दिया था। वह महाराष्ट्र प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष भी रह चुके हैं।