भोजपुर में अनियंत्रित ट्रक ने बाइक सवार को मारी टक्कर, प्राइवेट अस्पताल संचालक की मौत

भोजपुर जिले के पीरो थाना क्षेत्र अन्तर्गत बिहिया -बिहटा स्टेट हाइवे पर पर्वतपुर गांव के समीप सोमवार की देर रात अनियंत्रित ट्रक ने बाइक सवार प्राइवेट अस्पताल संचालक को रौंद दिया। हादसे में उनकी मौत हो गई। इलाज के लिए पीरो अनुमंडल अस्पताल ले जाने के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।
मृतक 35 वर्षीय उमेश कुमार बक्सर जिले के ब्रह्मपुर थाना क्षेत्र के कांट गांव के वार्ड 15 निवासी चन्द्रमा सिंह के पुत्र थे। वे पेशे से प्राइवेट अस्पताल संचालक थे। बिहिया में अपना प्राइवेट अस्पताल चलते थे।शव का पोस्टमार्टम सदर अस्पताल,आरा में कराया गया। इसे लेकर ट्रक चालक के विरुद्ध प्राथमिकी कराई गई है।
बाइक से वापस अपने गांव लौटने के क्रम में हुई दुर्घटना
इधर, मृतक के चाचा डॉ. रामा अशीष ने बताया कि उमेश कुमार सोमवार की देर रात उनकी बेटी गुड़िया के देवर सोनू के तिलक समारोह में शामिल होने के लिए पीरो थाना क्षेत्र के ओझवलिया गांव गए थे। सोमवार की देर रात जब वे तिलक समारोह में शामिल होने के बाद बाइक से वापस अपने गांव लौट रहे थे।
उसी दौरान पर्वतपुर गांव के समीप विपरीत दिशा से आ रहे बेलगाम ट्रक ने उन्हें रौंद दिया। जिससे वे गंभीर रूप से जख्मी हो गए। इसके बाद स्थानीय लोगों के सहयोग से उन्हें इलाज के लिए पीरो अनुमंडलीय अस्पताल ले जाया गया। लेकिन, इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।
सूचना पर स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। मृतक अपने चार भाई व दो बहन में तीसरे स्थान पर थे। मृतक के परिवार में पत्नी रेखा देवी,एक पुत्र आदित्य एवं में पुत्री रीमा है। हादसे के बाद मृतक की पत्नी रेखा देवी एवं परिवार के सभी सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है।