काले कपड़ो में संसद पहुंचीं सोनिया, राहुल के लिए गांधी प्रतिमा के पास किया प्रदर्शन

नई दिल्ली, विपक्षी सांसदों के विरोध के बीच संसद के दोनों सदनों की कार्यवाही शुरू होने के कुछ ही मिनटों के भीतर हंगामे की भेंट चढ़ गई। राज्यसभा की कार्यवाही दोपहर 2 बजे तक और लोकसभा आज शाम 4 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई है। बता दें कि विपक्षी सांसद अदाणी समूह के मुद्दे और राहुल गांधी की अयोग्यता को लेकर नारेबाजी कर रहे थे।

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा राहुल गांधी के ऊपर जो मामला दर्ज किया गया, वह मेरे शहर कोलार का है। आपने कोलार शहर में दिए भाषण का सूरत में मामला दर्ज किया। आपने ऐसा इसलिए किया क्योंकि आपको अनुकूल सरकार चाहिए थी, जिससे आप पुलिस, प्रशासन का इस्तेमाल कर राहुल गांधी को बदनाम कर सकें।

खरगे ने सरकार पर साधा निशाना

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि हम 18 राजनीतिक पार्टी मिलकर संयुक्त संसदीय समिति (JPC) की मांग कर रहे हैं। इससे सत्यता बाहर आएगी और लोगों को पता चलेगा कि हम यह मांग क्यों कर रहे हैं। आप JPC से क्यों डर रहे हैं? आपके पास 2/3 बहुमत है और उसमें भी आप ही के सदस्य ज्यादा रहेंगे। इसका मतलब है कि दाल में कुछ काला है।

विपक्षी नेताओं ने गांधी प्रतिमा के पास किया प्रदर्शन

अदाणी समूह के मुद्दे पर विपक्षी सांसदों ने काले कपड़े पहनकर संसद में गांधी प्रतिमा के पास विरोध प्रदर्शन किया। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और यूपीए अध्यक्ष सोनिया गांधी भी प्रदर्शन में शामिल हुईं।

लोकतंत्र नहीं कांग्रेस को खतरा है- किशन रेड्डी

केंद्रीय मंत्री जी किशन रेड्डी ने कहा कि लोकतंत्र नहीं कांग्रेस को खतरा है इसलिए उन्होंने कांग्रेस बचाओ के नाम पर भारत जोड़ो यात्रा की थी। वे प्रजातंत्र के बारे में बोल रहे हैं, लेकिन उन्हें बोलने का हक नहीं है क्योंकि आपातकाल के दौर में कांग्रेस ने लाखों लोगों को जेल में डाला था।

विपक्ष से डरी हुई है सरकार- रंजीत रंजन

कांग्रेस सांसद रंजीत रंजन ने कहा कि लोकतंत्र की आवाज को बंद करने की साजिश चल रही है। ये लोकतंत्र की सबसे बड़ी पंचायत सदन है। आप लोकसभा से विपक्ष की आवाज को बंद करा रहे हैं। विपक्ष अगर घोटाले की बात न करे तो क्या करे? आपकी बातों में हामी भरे? आप राजतंत्र चाहते हैं। आज वह डरे हुए हैं।

हंगामे की भेंट चढ़ी सदन की कार्यवाही

विपक्ष के हंगामे के बीच लोकसभा की कार्यवाही 4 बजे तक और राज्यसभा की कार्यवाही दो बजे तक के लिए स्थगति कर दी गई है।

कांग्रेस संसदीय दल के कार्यालय में हुई मीटिंग

संसद भवन में कांग्रेस संसदीय दल के कार्यालय में लोकसभा और राज्यसभा के कांग्रेस सांसदों की बैठक हुई। इस बैठक में यूपीए अध्यक्ष सोनिया गांधी, पार्टी प्रमुख और राज्यसभा के नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खरगे समेत अन्य सांसद मौजूद रहे।

विपक्ष के विरोध पर केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने कहा आपको घोड़े की दौड़ चलाने के लिए एक गधा मिल रहा है, वे वास्तव में कुछ गंभीर आत्मनिरीक्षण करने के लायक हैं। भारत के लोग उनका न्याय करेंगे। वे क्या हैं, अदालत में अदालत की कार्रवाई से लड़ें, आप महाभारत और सावरकर का आह्वान कर रहे हैं। उन्होंने आगे कहा कि कहां भगवान राम और कहां कांग्रेस के लोग, इससे पहले इन्होंने कहा था कि मैं सावरकर नहीं हूं मैं माफी नहीं मांगूगा। क्या इन्हें वीर सावरकर जैसे लोगों का योगदान पता है?

कांग्रेस सांसद मनीष तिवारी ने कहा कि जिस तरह से राहुल गांधी की सदस्यता छीनी गई, वह पूरी तरह से अलोकतांत्रिक है। उसे अदालत में अपील करने का अधिकार है। कोर्ट ने उन्हें अपील करने के लिए 30 दिन का समय भी दिया था। फिर उनकी सदस्यता ग्रहण करने की इतनी जल्दी क्या थी? हमारे देश के इतिहास में यह एक काला दिन है। जो हुआ वह अन्यायपूर्ण था। हम इसका विरोध करेंगे।

राज्यसभा में विपक्ष के नेता और कांग्रेस प्रमुख मल्लिकार्जुन खरगे के कक्ष में विपक्षी नेताओं की रणनीति बैठक चल रही है। इसमें INC, DMK, SP, JD(U), BRS, CPI(M), RJD, NCP, CPI, IUML, MDMK, केरल कांग्रेस, TMC, RSP, AAP, J&K NC और शिवसेना के नेता मौजूद हैं।

अधीर रंजन चौधरी ने केंद्र पर हमला बोला

कांग्रेस सांसद अधीर रंजन चौधरी ने केंद्र पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि अदाणी, चीनी अतिक्रमण, महंगाई, बेरोजगारी जैसे मुद्दों से ध्यान हटाने के लिए पीएम मोदी अलग-अलग मुद्दे लेकर आए। राहुल गांधी को सदन में माफी मांगने को कहा गया। सदन माफी मांगने की जगह है? अगर माफी मांगने की जगह होती तो पीएम मोदी को दर्जनों बार माफी मांगनी पड़ती।

लोकतंत्र को खत्म कर रही है BJP- खरगे

संसद की कार्यवाही शुरू होने से पहले कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे आज काली पगड़ी और कपड़ों में नजर आए। इस दौरान उन्होंने कहा कि भाजपा लोकतंत्र को खत्म कर रही है। नरेंद्र मोदी लोकतंत्र नहीं चाहते, इसलिए हम विरोध कर रहे हैं। हमारी संयुक्त संसदीय समिति (JPC) की मांग भी नहीं मानी जा रही। हम चाहते हैं कि सत्य बाहर आए।

खरगे ने आगे कहा कि अगर PM मोदी पास ऐसा कोई जादू है कि 2.5 साल में 12 लाख करोड़ बन सकते हैं, वह हम देश के लोगों को बताएंगे। इसमें नीजि धरना क्या है? हम जनता, लोकतंत्र के लिए लड़ रहे हैं। जो लोग इस मुहिम का समर्थन कर रहे हैं उनका धन्यवाद करता हूं।

मनीष तिवारी ने दिया लोकसभा में नोटिस

कांग्रेस सांसद मनीष तिवारी ने सोमवार को राहुल गांधी की अयोग्यता के खिलाफ लोकसभा में स्थगन नोटिस दिया है। नोटिस में कहा गया है कि यह सदन राहुल गांधी की अयोग्यता पर चर्चा करने के लिए शून्यकाल और दिन के अन्य कार्यों को निलंबित करता है। सदन की सदस्यता से राहुल गांधी की अयोग्यता एक जल्दबाजी और गलत निर्णय था और भारत के संविधान के प्रावधानों के अनुरूप नहीं था।

अदाणी मुद्दे पर नसीन हुसैन ने दिया नोटिस

कांग्रेस सांसद सैयद नसीर हुसैन ने राज्यसभा के नियम 267 के तहत अदाणी समूह के व्यावसायिक हितों को बढ़ावा देने में सरकार की भूमिका की जांच करने के लिए एक जेपीसी गठित करने की आवश्यकता पर चर्चा करने के लिए बिजनेस नोटिस का निलंबन दिया है।

Back to top button

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker