दिल्ली: पत्नी की हत्या कर पति 2 बच्चों के साथ हुआ फरार, पुलिस कर रही तलाश…

उत्तर-पूर्वी दिल्ली के करावल नगर इलाके के एक मकान में 25 वर्षीय एक महिला की गला रेतकर हत्या कर दी गई। महिला इस मकान में अपने पति और दो बच्चों के साथ किराए पर रहती थी। घटना के बाद से महिला पति दोनों बच्चों को लेकर फरार है।

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा कि पुलिस ने करावल नगर के रमा बाई मोहल्ले में रहने वाली एक निशा नाम की महिला को अपने किराए के कमरे के अंदर मृत पाया। कथित तौर पर धारदार हथियार से महिला का गला रेता गया था। पुलिस ने कहा कि उसका 32 वर्षीय पति अजीज अपने दो बच्चों के साथ फरार है।

मृतक महिला की नौ साल पहले शादी हुई थी। दंपति के बीच अक्सर झगड़ा और मारपीट होती थी। अधिकारी ने कहा कि वे किराये पर रह रहे थे और पांच दिन पहले ही इस घर में रहने के लिए आए थे। मृतका की बुधवार रात 11 बजे के करीब आखिरी बार दोस्त से बात हुई थी।

पुलिस ने बताया कि उत्तर प्रदेश के कासगंज का रहने वाला अजीज भजनपुरा में शीशे का काम करता है। घटना के बाद से वह दोनों बच्चों के साथ लापता है। उसका पता लगाने के लिए कई टीमों का गठन किया गया है।

Back to top button