टनकपुर में वीरांगना वृद्धा की हत्या से मची सनसनी, घर से 100 मीटर दूर मिली लाश

नगर में टनकपुर-खटीमा हाईवे किनारे वृद्धा का शव मिला है। वृद्धा घर पर अकेली रहती थी। मंगलवार सुबह सड़क किनारे उनका शव पड़ा देखा गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। एसएसबी के डाग स्क्वायड से भी घटना स्थल का मुआयना किया है।

महिला के कान, नाक, गले से सोने के आभूषण गायब होने से लूट के लिए घटना को अंजाम देने का अंदेशा जताया जा रहा है। मृतका की पहचान बिचई निवासी 83 वर्षीय भागीरथी देवी पत्नी स्व. गोपी चंद के तौर पर हुई है।

घर से करीब 100 मीटर की दूरी पर पड़ा मिला शव

भागीरथी देवी वीरांगना थी। उनके पति सेना से सेवानिवृत्त हुए थे। भागीरथी को पेंशन मिलती थी। मंगलवार सुबह घर से करीब 100 मीटर की दूरी पर भागीरथी का शव पड़े होने की सूचना पुलिस को मिली। बटाई में खेती करने वाले परमानंद ने शव देखा। जेवर गायब था। कान, नाक पर खून के निशान बने हुए थे।

आस-पड़ोस के लोगों को सूचना देने के बाद मौके पर लोगों की भीड़ लग गई। वृद्धा के बेटा मोहन चंद सेना से रिटायर्ड होने के बाद देहरादून में बस गए हैं। तीन बेटियों की शादी हो चुकी है।

बेटे मोहन चंद्र ने बताया कि उनकी मां जेवर की शौकीन थी। हमेशा जेवर पहने रहती थी। उनके गले, कान, नाम में करीब चार तोला सोना था। वह घर पर अकेले रहती थी। कोतवाल चंद्र मोहन के नेतृत्व में पुलिस ने महिला के घर का भी निरीक्षण किया।

प्रथम दृष्टया मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है। मृतका के कान से कुंडल नोचे जाने के निशान हैं। पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है। जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।

-अविनाश शर्मा, सीओ, टनकपुर

Back to top button

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker