IMD ने इन राज्यों में जताई बारिश की संभावना, जानें अपने शहर के मौसम का हाल…

देश के ज्यादातर राज्यों को मार्च महीने में ही गर्मी का सामना करना पड़ रहा है। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में गर्मी के तेवर सोमवार को भी तीखे रहे। सोमवार को अधिकतम तापमान सामान्य से चार डिग्री अधिक रहा। कुछ इलाकों में पारा 35 डिग्री पार चला गया। वहीं, मौसम विभाग ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ के चलते आज हिमालयी क्षेत्र में गरज के साथ हल्की बरसात हो सकती है।

दिल्ली-NCR को अभी नहीं मिलेगी गर्मी से राहत

दिल्ली में गर्मी के तेवर सोमवार की तरह आज (मंगलावार) भी देखने को मिल सकते हैं। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि मंगलवार को भी ऐसा ही मौसम बना रहेगा। आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे, लेकिन अधिकतम और न्यूनतम क्रमश: 33 और 16 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। बुधवार और बृहस्पतिवार को भी तापमान कम नहीं होगा। शुक्रवार से रविवार तक लगातार तीन दिन हल्की वर्षा हो सकती है।

हिमालयी क्षेत्र में आज भी बारिश के आसार

मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, उत्तर-पश्चिमी भारत के कुछ इलाकों में हल्की बारिश देखने को मिल सकती है। मौसम विभाग ने बताया कि हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर के कुछ स्थानों पर गरज के साथ आज बारिश हो सकती है। वहीं, दक्षिण, मध्य और पूर्वी भारत में 15-16 और 17 मार्च को कुछ जगहों पर वर्षा और ओलावृष्टि की संभावना है।

उत्तर प्रदेश में बारिश की संभावना

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने बताया कि उत्तर प्रदेश के कुछ जिलों को गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले 24 घंटे के दौरान यूपी के कुछ स्थानों पर बारिश की संभावना है। लखनऊ में आज न्यूनतम तापमान 18 डिग्री और अधिकतम तापमान 33 डिग्री दर्ज किया जा सकता है।

इन राज्यों में कैसा रहेगा मौसम

मौसम विभाग ने बताया कि असम और सिक्किम में अगले 24 घंटों के दौरान गरज के साथ बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने कहा कि 15 मार्च को अरूणाचल प्रदेश में तेज बारिश की संभावना है। इसके अलावा पंजाब, हरियाणा में भी बारिश हो सकती है। साथ ही ओडिशा, छत्तीसगढ़, दक्षिण मध्य प्रदेश, तमिलनाडु, कर्नाटक, गोवा, महाराष्ट्र, तेलंगाना और आंध्र प्रदेश, बिहार और झारखंड में 15-16 मार्च के बीच गरज के साथ बारिश की संभावना हैं। इस दौरान तेज हवाएं चलने की भी उम्मीद है।

Back to top button

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker