भारत में G20 विदेश मंत्रियों की अहम बैठक में हिस्सा लेंगे जापान के उप विदेश मंत्री केंजी यामादा 

जापान के उप विदेश मंत्री केंजी यामादा 1 मार्च से 3 मार्च तक G20 विदेश मंत्रियों की बैठक में भाग लेने के लिए नई दिल्ली, भारत का दौरा करने वाले हैं। जापान के विदेश मंत्रालय ने यह जानकारी दी है। यह फैसला जापान के विदेश मंत्री योशीमासा हयाशी के अपने भारत दौरे को रद्द करने के बाद आयी है।

बता दें कि जापान के विदेश मंत्री योशीमासा हयाशी बुधवार से भारत में शुरू हो रही G20 देशों के विदेश मंत्रियों की बैठक में शामिल नहीं होने वाले हैं। मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो हयाशी ने अपना भारत दौरा रद्द कर दिया है। इसके पीछे जापान की संसद में बजट को लेकर होने वाली चर्चा वजह बताई जा रही है।

विदेश मंत्री के न आने पर जापान में बढ़ गया था विवाद

जापान सरकार के इस रवैये के बाद से देश में ही विवाद शुरू होता दिख रहा था। जापानी मीडिया ने सरकार को घेरना शुरू कर दिया था। जापान के एक्सपर्ट का कहना था कि जब जापान, चीन के खिलाफ अपनी सुरक्षा को मजबूत करने में जुटा है और भारत के साथ साझेदारी को मजबूत कर रहा है, ऐसे में जापान के विदेश मंत्री का जी20 की बैठक में हिस्सा नहीं लेना जी20 देशों में गलत संदेश देगा। 

ऑस्ट्रेलियाई विदेश मंत्री पेनी वोंग भी होंगे शामिल

नई दिल्ली की बैठक में रूसी विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव, अमेरिकी विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन और ब्रिटेन के विदेश सचिव जेम्स क्लेवरली, चीन के विदेश मंत्री किन गैंग, ऑस्ट्रेलियाई विदेश मंत्री पेनी वोंग शामिल होंगे।

उम्मीद है कि प्रधानमंत्री मोदी G20 के सदस्य देशों के विदेश मंत्रियों को संबोधित करेंगे और वह विश्व स्तर पर भारत के बढ़ते प्रभाव के बारे में बात करेंगे।

भारत ने कई देशों को किया अतिथि के रूप में आमंत्रित 

बता दें कि भारत ने इस बैठक में भाग लेने के लिए कई देशों को अतिथि के रूप में आमंत्रित किया है।  इन देशों में नीदरलैंड्स, नाइजीरिया, ओमान, सिंगापुर, बांग्लादेश, मिस्र, मॉरीशस, स्पेन और संयुक्त अरब अमीरात के प्रतिनिधि शामिल हैं। 

Back to top button

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker